सतना: कोठी की मुख्य नगर पालिका अधिकारी पूजा द्विवेदी को संभागीय संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन एवं विकास रीवा में संलग्र कर दिया गया. इसी कड़ी में रामपुर बघेलान नगर परिषद के राजस्व उनि को कोठी का अतिरिक्त प्रभार दे दिया गया.मंगलवार को जारी आदेश में कोठी नगर परिषद की मुख्य नगर पालिका अधिकारी पूजा द्विवेदी को संभागीय संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन एवं विकास रीवा संभाग रीवा कार्यालय में संलग्र कर दिया गया.
इसी कड़ी में मंगलवार को ही संभागीय संयुक्त संचालक नगरीय प्रशासन एवं विकास रीवा कार्यालय से भी एक आदेश जारी हुआ. जिसके अनुसार कोठी सीएमओ पूजा द्विवेदी को संभागीय कार्यालय में संलग्र किए जाने से कोठी नगर परिषद के सीएमओ का पद रिक्त हो गया है. जिसे देखते हुए रामपुर बघेलान नगर परिषद में पदस्थ राजस्व उप निरीक्षक पंजाब सिंह को कोठी नगर परिषद के मुख्य नगर पालिका अधिकारी का अतिरिक्त प्रभार सौंप दिया गया है.
दरअसल,कोठी क्षेत्र में सोनौर मोड़ के निकट 26 फरवरी को एक कार्यक्रम आयोजित करते हुए प्रयागराज से लौटने वाले तीर्थ यात्रियों को जलपान कराने की व्यवस्था की गई थी. इस दौरान तत्कालीन सीएमओ पूजा द्विवेदी और भाजपा मण्डल अध्यक्ष कोठी अजय द्विवेदी के बीच तीखी बहस हुई थी. जिसके कुछ समय बाद ही मण्डल अध्यक्ष द्वारा दुर्व्यवहार करने और हाथ उठाने का प्रयास करने जैसे गंभीर आरोप कोठी सीएमओ द्वारा लगाए गए थे. जबकि मण्डल अध्यक्ष ने सारे आरोपों को निराधार बताया था.
