नयी दिल्ली 14 मार्च (वार्ता) ईरानी सशस्त्र बलों के एक वरिष्ठ प्रवक्ता ने शनिवार को कहा कि अमेरिका अब विश्व शक्ति नहीं रहा है और पश्चिम एशिया क्षेत्र में उसका दखल समाप्त किया जाना चाहिए। ईरानी सशस्त्र बलों के जनरल स्टाफ के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल अबोलफज़ल शेखरची ने मुस्लिम देशों के राष्ट्राध्यक्षों को भेजे गए एक संदेश में उनसे ईरान और ईरानी जनता पर भरोसा करने का आह्वान किया। उन्होंने अमेरिका और इज़राइल का सामना करने के लिए आपसी एकता, मित्रता और एकजुटता बनाए रखने की भी अपील की।
उन्होंने कहा कि ईरानी सशस्त्र बलों ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर अमेरिका की “दिखावटी ताकत” को पराजित कर दिया है। ईरान की मेहर समाचार एजेंसी के अनुसार, अमेरिका मुस्लिम देशों और पूरे क्षेत्र को सुरक्षा देने में भी असफल रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि फारस की खाड़ी क्षेत्र में मौजूद दुनिया के सबसे बड़े अमेरिकी युद्धपोतों में से एक, यूएसएस अब्राहम लिंकन, को भी ईरानी सशस्त्र बलों ने निशाना बनाया।
खाड़ी क्षेत्र के कई देशों में स्थित अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हुए हमलों के बारे में जनरल शेखरची ने कहा कि ये वे ठिकाने हैं जिनमें क्षेत्र के मुस्लिम देशों ने कई दशकों से निवेश किया था, और इन्हें ईरानी बलों ने निशाना बनाया।
उन्होंने कहा कि अमेरिकी और इज़राइली बलों द्वारा नष्ट किए गए स्कूलों, अस्पतालों और आवासीय इमारतों का पुनर्निर्माण ईरान कर सकता है, लेकिन “अमेरिकी सेना की झूठी शान” को फिर से खड़ा नहीं किया जा सकता।
