
करनवास/ब्यावरा।
करनवास स्थित शासकीय शराब दुकान पर बीती मध्य रात्रि को अज्ञात लोगों ने दुकान के सेल्समैन पर चाकू से हमला कर दिया. हमले में सेल्समैन घायल हो गया.
जानकारी के अनुसार करनवास स्थित शराब दुकान पर बीती रात्रि करीब 3.15 बजे चार पहिया वाहन में सवार होकर आये 4 लोगों ने दुकान की बिजली सप्लाई के तार काट दिए. इसी बीच दुकान का सेल्समैन गौरव पिता शेषनाथ सिंह राजपूत उम्र 28 साल निवासी अयोध्या बापयपास भोपाल बाहर निकला जैसे ही इन लोगों ने लाठी, चाकू से हमला कर दिया. हमले में युवक को पेट एवं जांघ पर चाकू लगा. हमलावर यहां से कुछ शराब की बॉटल भी ले भागे.
कमरे पर पहुंचकर बताई घटना
हमले में घायल युवक द्वारा समीप अपने कमरे पर पहुंचकर साथियों को घटना की जानकारी दी. युवक को तुरंत सिविल अस्पताल ब्यावरा लाया गया. जहां उसका उपचार जारी है. जानकारी लगने पर करनवास पुलिस भी मौके पर पहुंची.
घटना का कारण स्पष्ट नहीं
फिलहाल घटना का स्पष्ट कारण सामने नहीं आ पाया है. पहले हमलावरों ने लाईट काटी और फिर जब सेल्समैन बाहर बाथरुम के लिए निकला तभी उस पर हमला कर दिया. सोमवार को शाम तक पुलिस द्वारा इस मामले में जांच की जा रही थी. हालांकि यह बात भी सामने आ रही है कि हमलावरों ने शराब लेना चाही थी किंतु सेल्समैन द्वारा रात में शराब देने से मना करने पर इस घटना को अंजाम दिया गया.
