
जबलपुर। जिला न्यायालय के गेट नंबर 4 के बाहर एक सिरफिरे पति ने अपनी पत्नी का भरण-पोषण का केस लड़ रहे अधिवक्ता पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। आरोपी ने वकील को बीच रास्ते में रोककर न केवल अभद्रता की, बल्कि जान से मारने की नीयत से उनके गले और कान के पास वार किए। ओमती पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, रांझी बड़ा पत्थर निवासी अधिवक्ता रामलाल रजक (50) अपनी क्लाइंट कंचन महोबिया का भरण-पोषण का केस जिला न्यायालय में देख रहे हैं। कंचन के पति राकेश महोबिया ने न्यायालय परिसर के फाइलिंग सेक्शन पोर्च के पास वकील रामलाल से केस को लेकर विवाद किया था।
कार रोककर गर्दन दबोची और निकाला चाकू
अधिवक्ता रामलाल अपने साथी नवीन विश्वकर्मा के साथ कार से कोर्ट का काम निपटाकर गेट नंबर 4 से बाहर निकल रहे थे। तभी पहले से घात लगाए बैठे राकेश महोबिया ने उनकी कार रोक ली। जैसे ही अधिवक्ता कार से बाहर निकले, आरोपी ने उन्हें गर्दन से पकड़ लिया और घसीटते हुए कार के पीछे ले गया। आरोपी ने अपनी शर्ट के भीतर छुपाकर रखा चाकू निकाला और अधिवक्ता के गले, कान और कंधे के पास ताबड़तोड़ वार कर दिए। बचाव के दौरान अधिवक्ता के दाहिने हाथ के अंगूठे में भी गंभीर चोट आई है। हमला करने के बाद आरोपी ने चिल्लाते हुए धमकी दी कि अगर मेरी पत्नी का केस वापस नहीं लिया, तो जान से खत्म कर दूंगा और मौके से फरार हो गया।
