बक्करवाला (वार्ता) राष्ट्रीय अस्मिता खेलो इंडिया महिला योगासन लीग 2024-25 में पश्चिम बंगाल और मध्य प्रदेश की एथलीटों ने शानदार प्रदर्शन किया। उत्तराखंड में होने वाले आगामी राष्ट्रीय खेलों से पहले बड़ी उम्मीदों के साथ राष्ट्रीय प्रतियोगिता संपन्न हुई।
आनंद धाम आश्रम, बक्करवाला, नांगलोई नजफगढ़ रोड पर पांच से सात जनवरी तक आयोजित लीग के अंतिम चरण में 270 से अधिक एथलीटों ने हिस्सा लिया।
भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय की सचिव सुजाता चतुर्वेदी ने एथलीटों को बधाई दी। उन्होंने भारत में योगासन के बढ़ते महत्व पर जोर देते हुए कहा कि 2026 एशियाई खेलों में इसे शामिल भी किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि योगासन को अब 2026 एशियाई खेलों (जापान) में एक प्रदर्शनकारी खेल के रूप में शामिल किया गया है। इसके अलावा उत्तराखंड में होने वाले आगामी 38वें राष्ट्रीय खेलों में भी इसे एक प्रतिस्पर्धी खेल के रूप में शामिल किया गया है।
राष्ट्रीय लीग के लिए प्रतिभागियों ने पिछले वर्ष देशभर में आयोजित क्षेत्रीय चैंपियनशिप के माध्यम से अर्हता प्राप्त की। इसमें 7000 से अधिक महिला एथलीटों ने भाग लिया। लीग में पांच श्रेणियां : पारंपरिक योगासन, कलात्मक योगासन (एकल), कलात्मक योगासन (जोड़ी), लयबद्ध योगासन (जोड़ी) और कलात्मक योगासन (समूह) शामिल थीं। भारत के चार क्षेत्रों से अंडर-18 और 18 से ऊपर की आयु वर्ग के शीर्ष आठ एथलीटों ने पांच श्रेणियों में भाग लिया।