फ़सल कटने को खड़ी,किसान की धड़कनें बढ़ी
जबलपुर: रविवार से जिले में बदल रहे मौसम ने किसानों को हैरान करके रखा हुआ है। कभी दिन में तेज धूप तो कभी अचानक बादलों का डेरा जम जाता है। जिसके चलते जो गेहूं की फसलें पककर खड़ी हैं, वह थोड़ी तेज हवाएं चलने के कारण भी फसलें लहराते हुए गिर रही हैं, जिससे किसान काफी परेशान हो रहे हैं। अगर आने वाले दिनों में बारिश की संभावना बनती है तो कटने के लिए खड़ी फसलें भीग जाने के कारण किसानों को नुकसान हो सकता है।
कटाई का सीजन हो रहा शुरू
अब होली के बाद धीरे- धीरे फसलें तैयार हो रही हैं, जिसकी गर्मी की शुरुआत आते ही कटाई का सीजन भी शुरू होने वाला है। लेकिन अगर कटाई के पहले ही मौसम में बदलाव आता है, तो किसान परेशान हो सकते हैं और फसलों को नुकसान भी हो सकता है। उल्लेखनीय है कि होलिका दहन के बाद से किसानों द्वारा लगाई गई गेहूं,चना आदि की फसलों की कटाई शुरू हो जाती है। कई किसानों की फसलें पक गई है, उनकी कटाई भी शुरू होने वाली है। जबकि कुछ किसानों की फसलें अभी धीरे-धीरे पक रहे हैं। जिसकी कटाई में अभी समय है। लेकिन इसी बीच अगर मौसम में बदलाव आता है और बारिश होती है तो जो फसलें तैयार हैं और पक चुकी हैं उनको नुकसान हो सकता है। दूसरी तरफ कटाई करके रखी फसलें भी बारिश में भीगने के कारण बर्बाद हो सकती हैं।
