
विधायक पति सहित आधा दर्जन को सामान्य चोटें
हाल-चाल जाने अस्पताल पहुंचे कलेक्टर-एसपी
नवभारत न्यूज हटा/दमोह. जिले के हटा विधानसभा क्षेत्र की विधायक उमा देवी खटीक का वाहन सड़क हादसे का शिकार हो गया. घटना रविवार दोपहर करीब 2.30 बजे लुहारी गांव के पास हुआ. विधायक अपने काफिले के साथ दमोह विधायक जयंत मलैया के यहां होली मिलन समारोह में शामिल होने के लिए आ रही थी. एक वाहन में विधायक और दूसरे वाहन में उनके पति लालचंद खटीक अपने समर्थकों के साथ बैठे आगे चल रहे थे. अचानक आगे चल रहे स्कॉर्पियो वाहन ने ब्रेक लगा दिए जिससे पीछे से चल रही विधायक की कार अपने ही वाहन से टकरा गई.इस हादसे में विधायक पति लालचंद खटीक के कंधे में अंदरूनी चोट आई है.साथ बैठे दशरथ पटेल को हाथ में चोट आई जिन्हें मरहम पट्टी की गई. सके अलावा रमाकांत सराफ 50, हेतराम कुसमरिया 60, विक्रम बर्मन, जितेंद्र प्यासी, रवि सोनी, खिल्लू सेन को सामान्य चोट आई थी, जिन्हें जिला अस्पताल ले जाकर प्राथमिक उपचार दिया गया. हादसे की खबर मिलने के बाद दमोह कलेक्टर सुधीर कोचर, एसपी श्री सोमवंशी भी जिला अस्पताल पहुंचे और वहां उन्होंने विधायक और उनके पति से चर्चा कर उनका हाल-चाल जाना.
