भोपाल, 13 मार्च (वार्ता) मध्यप्रदेश विधानसभा में आज कार्यसूची में शामिल विषयों को पूर्ण करने के बाद सदन की कार्यवाही सोमवार 17 मार्च की सुबह 11 बजे तक के लिए स्थगित कर दी गयी।
बजट सत्र के चौथे दिन गुरुवार को प्रश्नकाल के बाद कार्यसूची में शामिल विषयों पर क्रमानुसार कार्यवाही की गयी। इसके उपरांत राज्यपाल के अभिभाषण पर पेश किए गए धन्यवाद प्रस्ताव पर चर्चा पूर्ण करने की कार्यवाही की गयी और इसका समापन मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के उत्तर से हुआ। डॉ यादव ने जहां सरकार के एक साल के कार्य और उपलब्धियां गिनायीं, राज्य के वर्ष 2047 तक के प्रमुख लक्ष्यों को बताया, तो विपक्षी दल कांग्रेस के सदस्यों को अनेक नसीहतें दीं।
डॉ यादव के जवाब के बाद आज की कार्यसूची में शामिल अंतिम विषय के रूप में वित्त वर्ष 2025 26 के वार्षिक बजट पर सामान्य चर्चा की शुरूआत करायी गयी। भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ सदस्य गोपाल भार्गव ने चर्चा में शामिल होते हुए बजट की खूबियों के साथ ही राज्य सरकार की उपलब्धियां बतायीं। इसके उपरांत सदन की कार्यवाही सोमवार 17 मार्च की सुबह 11 बजे तक स्थगित कर दी गयी।
आज विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर ने राज्यपाल के अभिभाषण पर बीते दो दिनों में चर्चा के दौरान भाजपा के वरिष्ठ सदस्य भूपेंद्र सिंह और कांग्रेस के विधायक हेमंत कटारे के बीच टिप्पणियों के संबंध में अपनी व्यवस्था दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक सदस्य को व्यक्तिगत आरोप लगाने से बचना चाहिए और ऐसे शब्दों का इस्तेमाल नहीं होना चाहिए, जो व्यक्तिगत किस्म के होने के साथ ही असंसदीय हों। श्री तोमर ने कहा कि उन्होंने सदन की कार्यवाही का अवलोकन किया और आपत्तिजनक शब्दों को सदन की कार्यवाही से विलोपित कर दिया गया है।
सोमवार को राज्य विधानसभा के बजट सत्र की शुरूआत राज्यपाल के अभिभाषण के साथ प्रारंभ हुयी थी। इसके बाद मंगलवार को अभिभाषण पर चर्चा की शुरूआत हुयी, जो आज सुबह तक चली। वहीं बुधवार को राज्य सरकार ने वित्त वर्ष 2025 26 का वार्षिक बजट पेश किया, जिस पर सामान्य चर्चा की शुरूआत आज ही हुयी और इसका क्रम 17 मार्च को भी चलेगा।
बजट सत्र 24 मार्च तक प्रस्तावित है और इस दौरान कुल नौ बैठकें होंगी, जिसमें से चार बैठक हो चुकी हैं।

