
बालाघाट: थाना परसवाड़ा के वार्ड नंबर 11 में बुधवार की सुबह एक 35 वर्षीय विवाहित महिला का शव उसी के घर पर मिलने से समूचे गांव में सनसनी फ़ैल गई। मृतका का नाम शारदा ब्रम्हे उम्र 35 वर्ष बताया जा रहा है। बताया जा रहा है कि मृतक महिला ग्राम कुरेण्डा के पूर्व सचिव रामेश्वर उर्फ पप्पू ब्रम्हे की धर्मपत्नी है।
जानकारी अनुसार, मृतका महिला के बड़े भाई ग्राम मानेगांव, बरघाट जिला सिवनी निवासी संजू अर्जुनवार ने बुधवार की सुबह परसवाड़ा थाना पहुंचकर पुलिस को बताया कि मंगलवार की रात्रि करीब 10 बजे उन्हें शारदा की सासु मां जशोदा बाई ब्रम्हे ने फोन कर बताया कि शारदा ब्रम्हे की मौत हो गई है। जानकारी मिलते ही हम बरघाट से परसवाड़ा सुबह 5 बजे पहुंचे जहां हमें घर के उपर वाले कमरे में ले जाया गया । जब कमरे में शारदा नहीं दिखाई दी तब उन्होंने हमें नीचे के कमरे में ले जाकर दिखाया जहां मेरी बहन वस्त्रहीन अवस्था में पड़ी हुई दिखी । जिसके पश्चात हमने पुलिस को सूचना दी ।
सूचना पर पहुंची परसवाड़ा पुलिस ने महिला के शव को कपड़े से ढंका। जिसके पश्चात एसडीओपी अरविंद शाह और नगर निरीक्षक मदन इवने द्वारा हर पहलू पर सूक्ष्मता से तथ्यों की जांच प्रारंभ की गई। बालाघाट से एफ एस एल की टीम ने भी मौके पर पहुंच कर तथ्यों को खोजा । पुलिस ने मर्ग कायम कर अग्रीम कार्यवाही करते हुए दोपहर बाद मृतका के शव को पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परसवाड़ा पहुंचाया, जहां संध्या काल पोस्टमार्टम पश्चात शव परिजनों को सौंप दिया गया।
मामले पर मृतका की 13 वर्षीय पुत्री चहक ब्रम्हे ने बताया की मंगलवार की सुबह हम लोगो ने उन्हें चाय दिया था इसके बाद 2:00 बजे उन्हें खाना देने के लिए गए थे जब उन्होंने दरवाजा नहीं खोला तो हम चले गए, इसके बाद शाम को तकरीबन 6:00 बजे जब आवाज देने पर भी सामने का दरवाजा उन्होंने नही खोला तब दूसरे दरवाज़े से पीछे की ओर जाकर देखा तो वह ऐसी हालत में पड़ी हुई थी जिससे हम लोग डर गये । उस समय मै, मेरी बुआ और दादी साथ मे थे । इसके बाद हमने पापा को फोन करके घटना की सूचना दी । मृतका की पुत्री चकह ने बताया कि मामले को लेकर गढ़वाल भवन मे कुछ देर बैठक भी हुई थी । चहक ने बताया कि हम भाई-बहन अपनी मम्मी के साथ नहीं रहती थी बल्कि वह भाई बहन उपर वाले कमरे में रहते थे और उसके पापा कुरेण्डा रोड खेत वाले घर पर रहते थे ।
मृतका के भाई और मां ने मृतका के ससुराल पक्ष पर आरोप लगाते हुए कहा कि दो तीन दिनों पूर्व बेटी शारदा का दुसरे नंबर से फोन आया था कि मां आप लोग मुझे देखने को आओ । उन्होने मृतका के पति रामेश्वर ब्रम्हे, देवर जागेश्वर ब्रम्हे और सास जशौदा ब्रम्हे पर आरोप लगाते हुए कहा है कि बेटी की हत्या की गई है। उन्होंने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषीयों पर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
मामले पर परसवाड़ा पुलिस के एसडीओपी अरविंद शाह ने कहा कि एक महिला का शव उसके ही घर पर मिलीं थीं । सूचना पर पुलिस पहुंची थी।
ब्लडींग की स्थिति को एफ एस एल की टीम भी जांच कर रही है। पोस्ट मार्टम रिपोर्ट आने के पश्चात ही स्पष्ट रूप से कुछ कहा जा सकता है। बहरहाल परसवाड़ा पुलिस सूक्ष्मता से मामले की जांच की जा रही है l
