राजनाथ ने सागर परिक्रमा पर निकली नौसेना की महिला अधिकारियों से बात की

नई दिल्ली 07 मार्च (वार्ता) रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने नाविका सागर परिक्रमा अभियान के तहत समुद्र के रास्ते दुनिया का चक्कर लगाने निकली नौसेना की जांबाज महिला अधिकारियों से अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस की पूर्व संध्या पर शुक्रवार को बातचीत की और इस चुनौतीपूर्ण यात्रा को पूरा करने के लिए शुभकामनाएं दी।

नौसेना के प्रवक्ता ने बताया कि रक्षा मंत्री ने बातचीत के दौरान चालक दल के साहस, समर्पण और लचीलेपन की सराहना की। रक्षा मंत्री ने चालक दल में शामिल नौसेना की दो महिला अधिकारियों, लेफ्टिनेंट कमांडर दिलना के और लेफ्टिनेंट कमांडर रूपा ए को दुनिया के सबसे अलग-थलग जलक्षेत्र – प्वाइंट निमो को पार करने और सबसे खतरनाक जल निकायों में से एक ड्रेक्स पैसेज को पार करने के लिए बधाई दी।

रक्षा मंत्री ने राष्ट्रीय सुरक्षा को मजबूत करने में महिलाओं की अमूल्य भूमिका को स्वीकार किया और रक्षा क्षेत्र में महिलाओं के लिए अवसरों का विस्तार करने के लिए सरकार की प्रतिबद्धता की पुष्टि की। नाविका सागर परिक्रमा द्वितीय भारतीय नौसेना की एक प्रमुख पहल है, जिसका उद्देश्य दो महिला चालक दल के माध्यम से समुद्र के रास्ते दुनिया भर में यात्रा करना है।

इस अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस पर रक्षा मंत्री ने लैंगिक-समावेशी सशस्त्र बल के सरकार के दृष्टिकोण को दोहराया, और अधिक से अधिक युवा महिलाओं को रक्षा और साहसिक खेलों में करियर बनाने के लिए प्रोत्साहित किया।

Next Post

ब्रिटिश सरकार की कार्रवाई ही उनकी ईमानदारी तय करेगी : भारत

Fri Mar 7 , 2025
नयी दिल्ली 07 मार्च (वार्ता) भारत ने विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर की ब्रिटेन यात्रा के दौरान लंदन में खालिस्तानी अलगाववादियों एवं चरमपंथियों द्वारा सुरक्षा व्यवस्था में सेंध को ‘बड़ी घटना’ बताते हुए इस बारे में ब्रिटिश विदेश मंत्रालय के बयान को दरकिनार कर दिया है और कहा है कि […]

You May Like