नयी दिल्ली, 06 मार्च (वार्ता) साहित्य अकादमी का वार्षिक वार्षिक साहित्योत्सव (फ़ेस्टिवल ऑफ़ लेटर्स 2025) राजधानी में 7 से 12 मार्च तक आयोजित किया जा रहा है जिसमें 50 से अधिक भाषाओं के लगभग 700 लेखक शामिल होंगे।
यह जानकारी केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय की गुरुवार को जारी विज्ञप्ति में दी गयी। केंद्रीय संस्कृति और पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत इस महोत्सव का उद्घाटन करेंगे और अंग्रेजी नाटककार महेश दत्तानी पुरस्कार समारोह के मुख्य अतिथि होंगे।
राजधाीन में साहित्यिक गतिविधियों के प्रतिष्ठित केंद्र रवीन्द्र भवन में आयोजित साहित्योत्सव-2025 एशिया का सबसे बड़ा साहित्य मेला है देश के विभिन्न हिस्सों से 50 से अधिक भाषाओं का प्रतिनिधित्व करने वाले लगभग 700 लेखक इस महोत्सव में भाग लेते हैं। इसके 100 से अधिक सत्र होते हैं। इस अवसर पर 23 भाषाओं में प्रतिष्ठित साहित्य अकादमी पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे और प्रख्यात लेखक और विद्वान श्री उपमन्यु चटर्जी इस वर्ष का संवत्सर व्याख्यान देंगे।
महोत्सव का विषय भारतीय साहित्यिक परंपराएं होगा और महोत्सव के आखिरी तीन दिनों के दौरान इस विषय पर प्रख्यात विचारकों और लेखकों की राष्ट्रीय संगोष्ठी आयोजित की जाएगी।
महोत्सव के अंतिम दिन बच्चों के लिए एक दिवसीय कार्यक्रम ‘स्पिन ए टेल’ का आयोजन किया जाएगा। पूरे उत्सव के दौरान, विभिन्न विषयों पर प्रख्यात लेखकों, कवियों, अनुवादकों, प्रकाशकों और आलोचकों द्वारा प्रस्तुतियाँ, वाचन और चर्चाएँ होंगी।
तीनों दिन शाम को सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे जिनमें राकेश चौरसिया (बांसुरी वादन), नलिनी जोशी (हिंदुस्तानी गायन) और फौजिया दास्तानगो और रितेश यादव (दास्तान-ए-महाभारत) जैसे प्रसिद्ध कलाकार अपनी कला प्रस्तुत करेंगे।
विज्ञप्ति के अनुसार पत्र महोत्सव सभी साहित्य प्रेमियों और उन लोगों के लिए खुला और निःशुल्क है।