कांग्रेसियों के घेरे को नहीं तोड़ सकी पुलिस, जला दिया प्रहलाद पटेल का पुतला

हनुमान चौराहे पर किया प्रदर्शन, फायर ब्रिगेड भी रही आग बुझाने में नाकाम

 

गुना। मध्यप्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल सुठालिया में दिए गए बयान को लेकर मुश्किलों में घिर गए हैं। कांग्रेस ने उनके खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को प्रदेशव्यापी आव्हान पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हनुमान चौराहे पर प्रहलाद पटेल का पुतला दहन कर दिया।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने पटेल का पुतला बचाने की भरसक कोशिश की। लेकिन कांग्रेसियों के घेरे को पुलिस नहीं तोड़ सकी। पटेल के पुतले में लगी आग बुझाने पहुंची फायर ब्रिगेड को भी कांग्रेस नेताओं ने घेर लिया। पुलिस मशक्कत करती ही रह गई और कांग्रेस नेता पटेल का पुतला जलाकर नगरपालिका की ओर आगे बढ़ गए। पटेल का पुतला जलाने के लिए कांग्रेस नेता जिला अध्यक्ष मेहरबान सिंह की अगुवाई में रणनीति बनाकर पहुंचे थे। पहले उन्होंने हनुमान चौराहे पर नारेबाजी की। जबकि पुतले को कुछ दूरी पर रखा गया था। पुलिस कांग्रेसियों पर नजर बनाए हुए थी। मौका मिलते ही कांग्रेसजनों ने पहले एक घेरा बनाया, उसके बाद पुतले में आग लगा दी। पुलिसकर्मियों के सामने चुनौती थी कि वे आपको आग से बचाएं और पुतला भी न जलने दें। हालांकि पुलिस के प्रयास विफल रहे और कांग्रेस की रणनीति सफल हो गई। देखते ही देखते प्रहलाद पटेल का पुतला आग की लपटों से घिर गया, जिसमें भरी गई सूखी घास कुछ ही देर में राख में बदल गई। प्रदर्शन के बाद कांग्रेस जिला अध्यक्ष मेहरबान सिंह धाकड़ ने प्रहलाद पटेल के बयान की निंदा की। उन्होंने बताया कि कांग्रेस जब तक इस मुद्दे को उठाएगी जब तक प्रहलाद पटेल इस्तीफा नहीं दे देते। उन्होंने कहाकि भाजपा के नेता चुनाव से पहले तो जनता से वोट की भीख मांगते हैं। बाद में उसी देवतुल्य जनता को भिखारी कह देते हैं। कांग्रेस प्रदेशभर में भाजपा का यह दोहरा चरित्र उजागर करेगी। पुतला दहन के बाद एक बार फिर कांग्रेस नेताओं ने नगरपालिका के सामने नारेबाजी की। कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने बताया कि पार्टी 8 मार्च को भी प्रहलाद पटेल के खिलाफ बड़ा आंदोलन करने जा रही है। उनका इस्तीफा होने तक सिलसिलेवार प्रदर्शन किए जाएंगे।

Next Post

धान उपार्जन घोटाले के मामले में ईओडब्ल्यू की प्रदेशव्यापी छापेमार कार्रवाई

Thu Mar 6 , 2025
भोपाल, 06 मार्च (वार्ता) आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (ईओडब्ल्यू) ने धान उपार्जन घोटाले के संबंध में मध्यप्रदेश में आज 12 जिलों की 150 उपार्जन समितियों और 140 वेयरहॉउस पर छापे की कार्रवाई की। ईओडब्ल्यू के महानिदेशक उपेंद्र जैन ने छापों की पुष्टि करते हुए कहा कि अब तक की कार्रवाई में […]

You May Like