भोपाल, 04 मार्च (वार्ता) मध्यप्रदेश कांग्रेस के मीडिया विभाग के अध्यक्ष और पूर्व मंत्री मुकेश नायक ने किसान सोलर पंप योजना में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए आज कहा कि भारतीय जनता पार्टी सरकार किसानों को सोलर पंप लगाने का कपोल-कल्पित दिवास्वप्न दिखा रही है।
श्री नायक ने यहां संवाददाताओं से कहा कि वर्ष 2017 से 19 के बीच 14000 किसानों ने सोलर पंप योजना के लिये करोड़ों रूपयों की राशि जमा की, इसके बाद भी दर-दर की ठोकरें खा रहे हैं। सरकार किसानों को सोलर पंप लगाने का कपोल-कल्पित दिवास्वप्न दिखा रही है।
उन्होंने कहा कि एक तरफ़ भाजपा सरकार किसानों को तीन वर्षों में 30 लाख सोलर पंप लगाने का स्वप्न दिखा रही हैं वहीं दूसरी और मध्यप्रदेश के पंजीकृत 46 हज़ार किसान 2017 से अपने खेतों में सोलर पंप लगाने का इंतजार कर रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि बहुत से किसानों ने हजारों रुपए की राशि जमा की, लेकिन उनके हाथ कुछ नहीं आया।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के प्रचार-प्रसार से प्रभावित होकर योजना के लाभ के लिए किसानों ने बढ़-चढ़कर रजिस्ट्रेशन करवाया था। सालों बाद तक पंप नहीं मिलने पर ठगा सा महसूस करने लगे तभी से ऊर्जा विकास निगम द्वारा किसानों को नित नये बहाने बनाकर भटकाया जा रहा है। साथ ही उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान में 15000 करोड़ रूपये के फाइनल होने वाले सोलर पंप योजना टेंडर में जिस तरह से बार-बार फेरबदल कर अपनी चहेती कंपनियों का समावेश किया जा रहा है, उससे व्यापक घोटाले के संकेत मिल रहे हैं।
