सीहोर: नगर के समीप कुबेरेश्वर धाम में कथाश्रवण करने आई गुजरात की 62 वर्षीय एक महिला की सोमवार तड़के मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार अहमदाबाद स्थित सिविल हॉस्पिटल के समीप रहने वाली 62 वर्षीय महिला मंजू बेन पत्नी भूपत जी अपने पति व अन्य रिश्तेदारों के साथ कुबेरेश्वर धाम पर जारी शिव महापुराण कथा श्रवण करने आई थी।
यह सभी लोग कुबेरेश्वर धाम के पांडाल में ठहरे थे।सोमवार की तड़के वह नित्यकर्म के लिए कुछ दूरी पर बने नालारूपी गड्ढे में गई थी तभी संतुलन बिगड़ने से वह गंदगी से भरे गड्ढे में गिर पड़ी। काफी देर तक जब वह वापस नहीं लौटी तो परिजनों ने तलाश किया। सूचना मिलने पर एसडीआरएफ की टीम व पुलिस घटनास्थल पर पहुँची। कुछ देर में महिला का शव गंदगी के नीचे से बरामद किया गया। शव को पीएम के लिए जिला अस्पताल लाया गया है। मंडी पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है
