
24 घंटे में सकुशल बरामद अपहृत व्यक्ति, तीन आरोपी गिरफ्तार
इंदौर. एरोड्रम पुलिस ने अपहरण कांड के मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए अपहरण हुए व्यक्ति को महज 24 घंटे में सुरक्षित बरामद कर लिया. इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
पुलिस उपायुक्त जोन-01 विनोद मीणा ने बताया इस मामले में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त विवेक सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी एरोड्रम तरुण सिंह भाटी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई. मंगलवार 25 फरवरी को फरियादिया ने थाना एरोड्रम पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई कि अज्ञात व्यक्तियों ने उसके पति पवन जैन से संपर्क कर तीन लाख रुपए की मांग की. रकम न देने पर जान से मारने की धमकी दी गई. शिकायत पर एरोड्रम पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी. तकनीकी साक्ष्यों और सूचना तंत्र की मदद से पुलिस ने 24 घंटे के भीतर 32 वर्षीय आजराज पिता देवकरण अहिरवार, निवासी रोसला हाजीरा, तहसील पचोर, जिला राजगढ़ तथा 30 वर्षीय दीवान पिता सुमेश अहिरवार, निवासी कासरोल, तहसील तलेन, जिला राजगढ़ के साथ 47 वर्षीय बाबुलाल पिता मांगीलाल अहिरवार, निवासी उमरिया, जिला राजगढ़ को गिरफ्तार कर लिया.
अपहरण की वजह
पुलिस जांच में पता चला कि अपहृत पवन जैन ने दफाबेट और स्टिक वेबसाइट पर एविएटर गेम खेलने के लिए आरोपियों को रुपए निवेश करने के लिए प्रेरित किया था. जब आरोपियों को अपना पैसा वापस नहीं मिला, तो उन्होंने पवन जैन का अपहरण कर उसके परिवार से फिरौती मांगी.
