दतिया के कांग्रेस विधायक राजेन्द्र भारती एफडी ब्याज घोटाले में दोषी, जेल भेजा

ग्वालियर। दिल्ली की एमपी एमएलए कोर्ट ने दतिया के कांग्रेस विधायक राजेन्द्र भारती को एक 25 साल पुराने बैंक के एफडी ब्याज घोटाले में दोषी माना हैं। आज इसी क्रम में सुनवाई के बाद कोर्ट ने विधायक राजेन्द्र भारती को भारतीय दंड संहिता की धारा 420 तथा बीएनएस की अन्य धाराओं के तहत हिरासत में लेकर जेल भेज दिया है। मामले की सजा संभवतः कल सुनाई जायेगी।

जानकारी के मुताबिक यह मामला लगभग 25 साल पूर्व का भूमि विकास बैंक से जुड़ा है, जिसमे विधायक राजेन्द्र भारती ने अपनी मां के नाम 10.50 लाख रूपये की एफडी कराई थी, जिस पर 13.50 प्रतिशत का ब्याज मिल रहा था। विधायक राजेन्द्र भारती पर आरोप था कि उन्होंने तीन साल की एफडी को ज्यादा ब्याज के लालच में बैंक अध्यक्ष रहते हुये 2001 में फिर दस्तावेजों में गड़बड़ कर फिर अवधि बढ़वा दी, ताकि ब्याज ज्यादा मिलता रहा। 2003 में बैंक प्रबंधन को इस गड़बड़ की जानकारी लगी तो इसकी जांच कराई गई जिसमें विधायक राजेन्द्र भारती व उनकी मां को दोषी पाया गया। बाद में यह मामला उपभोक्ता फोरम से लेकर दतिया की कोर्ट में पहुंचा तो विधायक राजेन्द्र भारती ने निष्पक्ष सुनवाई के लिये मप्र से बाहर मामला सुनवाई की अपील की। इसके बाद यह मामला सुप्रीम कोर्ट व सुप्रीम कोर्ट से दिल्ली की एमपी एमएलए कोर्ट पहुंचा।

जहां एमपी एमएलए कोर्ट में उन्हें धोखाधड़ी का दोषी माना है। हालांकि अभी सजा का ऐलान नहीं किया गया है। लेकिन राजेन्द्र भारती को आज दिल्ली में हिरासत में लेकर तिहाड़ जेल भेज दिया गया है। बताया जाता है कि इस मामले में बैंक कर्मचारी नरेन्द्र सिंह ने दतिया कोर्ट में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसको कोर्ट ने गंभीरता से लेकर इसे धोखाधड़ी का मामला मानकर केस दर्ज करने के आदेश दिये थे। राजेन्द्र भारती पर बैंक के दस्तावेजी साक्ष्य के बाद जालसाजी, आपराधिक विश्वासघात और साजिश आईपीसी 420, 667, 467, 471, 409, 120बी के तहत मामला दर्ज किया गया था।

*गृहमंत्री को हराकर विधायक बने थे*

कांग्रेस विधायक राजेन्द्र भारती गत विधानसभा चुनाव में प्रदेश के गृहमंत्री डा. नरोत्तम मिश्रा को हराकर विधायक बने थे। गृहमंत्री को हराने के कारण वह प्रदेश और देश में सुर्खियों में आ गये थे। उन्होंने गृहमंत्री डा. मिश्रा को 7742 मतों से पराजित किया था।

Next Post

पेरू में भूकंप के तेज झटके

Wed Apr 1 , 2026
लीमा, 01 अप्रैल (वार्ता /स्पूतनिक ) पेरू में बुधवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किये गये। पेरू के भूभौतिकी संस्थान ने बताया कि भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 5.9 मापी गयी। भूकंप के झटके स्थानीय समय अनुसार सुबह 06:20 बजे महसूस किये गये। इसके केंद्र सैन मार्टिन क्षेत्र […]

You May Like