छात्राओं से जुड़े एनआरआई स्पॉन्सर्ड इवेंट मामले की एनआईए करे जांच : अभाविप

नयी दिल्ली, 11 नवंबर (वार्ता) अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (अभाविप) ने दिल्ली विश्वविद्यालय के रामानुजन कॉलेज में एनएसयूआई के उपाध्यक्ष अनस खान पर छात्राओं को पैसे और अन्य सुविधाओं का प्रलोभन देकर एनआरआई स्पॉन्सर्ड कार्यक्रमों में शामिल कराने के आरोपों की राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) से जांच कराने की मांग की है।

अभाविप ने बुधवार को एक बयान में कहा कि एनआरआई स्पॉन्सर्ड इवेंट के नाम पर छात्राओं से संपर्क करने और शारीरिक बनावट तथा आकर्षक व्यक्तित्व के आधार पर चयन करने से संबंधित संदेश सामने आए हैं। कॉलेज प्रशासन अनस खान को निलंबित कर चुका है। परिषद ने कहा है कि छात्राओं को आर्थिक प्रलोभन देकर ऐसी गतिविधियों में शामिल करने का मामला संभावित संगठित अपराध से जुड़े नेटवर्क की आशंका पैदा करता है।

अभाविप ने दावा किया है कि पिछले महीने भी एनएसयूआई से जुड़े व्यक्तियों द्वारा एक कार्यक्रम के संबंध में इस तरह की चैट सामने आई थी। ऐसे मामलों से एनएसयूआई के कार्यक्रमों के पीछे आर्थिक प्रलोभन और संदिग्ध नेटवर्क की भूमिका को लेकर सवाल उठते हैं। परिषद ने 2018 में एनएसयूआई के तत्कालीन राष्ट्रीय अध्यक्ष फिरोज खान पर संगठन की एक महिला पदाधिकारी द्वारा लगाए गए यौन उत्पीड़न के आरोपों का भी उल्लेख किया। उसने कहा कि महिला अधिकारों और सुरक्षा की बात करने वाली कांग्रेस के छात्र संगठन से जुड़े ऐसे मामले उसके दावों पर सवाल खड़े करते हैं।

संगठन के राष्ट्रीय महामंत्री डॉ. वीरेंद्र सिंह सोलंकी ने कहा कि महिला अधिकारों और समानता की बात करने वाली कांग्रेस को पहले अपने छात्र संगठन में महिलाओं की गरिमा और सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि एनएसयूआई में सामने आ रहे ऐसे मामले संगठन के चरित्र और जवाबदेही पर सवाल खड़े करते हैं।

श्री सोलंकी ने कहा कि इस मामले में एनएसयूआई ने संबंधित पदाधिकारी को हटाने का दावा करते हुए पूर्व दिनांकित पत्र जारी किया है, जबकि संबंधित व्यक्ति के सोशल मीडिया स्टेटस में व्यक्तिगत कारणों से स्वयं इस्तीफा देने की बात कही गई है। उन्होंने इसे संगठन की कार्यप्रणाली में विरोधाभास बताते हुए कहा कि कांग्रेस कभी पूरी कार्यकारिणी को हटाने और कभी गंभीर आरोपों के बीच पदाधिकारी के इस्तीफे को लेकर अलग-अलग दावे करती है। अभाविप ने पूरे मामले की एनआईए से जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।

.....

Next Post

MP में सजेगा महिला हॉकी का Mahakumbh, सारंग ने किया लोगो और ट्रॉफी का अनावरण

Wed Nov 11 , 2026
भोपाल। भोपाल में अब अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी का रोमांच देखने को मिलेगा। पहली बार मध्यप्रदेश एशियन वुमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करने जा रहा है। 19 से 28 नवंबर तक अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में छह देशों की टीमें खिताब के लिए आमने-सामने होंगी। भारत के साथ जापान, चीन, मलेशिया, […]

You May Like