भोपाल। भोपाल में अब अंतरराष्ट्रीय महिला हॉकी का रोमांच देखने को मिलेगा। पहली बार मध्यप्रदेश एशियन वुमेंस हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करने जा रहा है।
19 से 28 नवंबर तक अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में छह देशों की टीमें खिताब के लिए आमने-सामने होंगी। भारत के साथ जापान, चीन, मलेशिया, कोरिया और थाईलैंड की करीब 150 खिलाड़ी मैदान पर अपना दमखम दिखाएंगी।
बुधवार को टीटी नगर स्टेडियम में खेल मंत्री विश्वास सारंग ने प्रतियोगिता के आधिकारिक लोगो और ट्रॉफी का अनावरण किया। साथ ही ट्रॉफी टूर की शुरुआत भी की गई। यह ट्रॉफी 11 से 19 नवंबर तक प्रदेश के सभी संभागों में पहुंचेगी।
खास बात यह है कि प्रतियोगिता का शुभारंभ मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और केंद्रीय खेल मंत्री मनसुख मंडाविया करेंगे। इसी दिन अंतरराष्ट्रीय स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के पहले चरण का लोकार्पण भी होगा।
यानी भोपाल अब सिर्फ झीलों की नगरी नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय हॉकी के बड़े मंच पर भी अपनी पहचान बनाने जा रहा है।
