ट्रंप के प्रस्तावित 250 फुट ऊंचे विजय स्मारक के खिलाफ कैनेडी परिवार अदालत पहुंचा

वाशिंगटन, 11 नवंबर (वार्ता) अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की ओर से अर्लिंगटन राष्ट्रीय कब्रिस्तान के पास प्रस्तावित 250 फुट ऊंचे विजय स्मारक के खिलाफ कैनेडी परिवार के नौ सदस्य कानूनी लड़ाई में शामिल हो गए हैं। परिवार का कहना है कि इस स्मारक के निर्माण से उनके परिजनों की कब्रों और राष्ट्रीय स्मारकों के ऐतिहासिक दृश्य बाधित होंगे।

परिवार के सदस्यों ने मंगलवार को वाशिंगटन डीसी की एक अदालत में याचिका दायर कर इस परियोजना को चुनौती देने वाले मौजूदा मुकदमे में शामिल होने की मांग की। उनका कहना है कि प्रस्तावित स्मारक से राष्ट्रपति जॉन एफ कैनेडी, सीनेटर रॉबर्ट एफ कैनेडी और सीनेटर एडवर्ड एम कैनेडी की कब्रों के साथ-साथ ‘एटरनल फ्लेम’ स्मारक का दृश्य भी बाधित होगा।

परिवार ने दलील दी कि यह विशाल संरचना अमेरिकी सैनिकों की कब्रों, जिनमें कैनेडी परिवार के सदस्यों की कब्रें भी शामिल हैं, पर स्थायी रूप से छाया डालेगी और कब्रिस्तान के ऐतिहासिक स्वरूप को प्रभावित करेगी।
परिवार के सदस्यों ने सोमवार को कोलंबिया जिले की अमेरिकी जिला अदालत में दायर याचिका में अनुरोध किया कि अदालत ट्रंप प्रशासन को कांग्रेस की मंजूरी, कांग्रेस की ओर से किसी प्रायोजक के नामांकन और सभी कानूनी आवश्यकताओं का पालन किए बिना स्मारक को मंजूरी देने, अधिकृत करने या उसका निर्माण करने से रोके।

याचिका में कहा गया है, “राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अवैध रूप से एक विशाल स्मारक द्वार बनाने का प्रयास कर रहे हैं, जो अर्लिंगटन राष्ट्रीय कब्रिस्तान में कैनेडी परिवार के सम्मान में बनाए गए स्मारकों और उनकी कब्रों के ऐतिहासिक दृश्यों पर स्थायी रूप से छाया डालेगा और उन्हें नुकसान पहुंचाएगा। इससे देश के लिए प्राण न्योछावर करने वाले लाखों अमेरिकी वीरों के स्मारकों के दृश्य भी प्रभावित होंगे।”

प्रस्तावित स्मारक को लिंकन मेमोरियल से दोगुने से भी अधिक ऊंचा और 25 मंजिला कार्यालय भवन के बराबर बताते हुए परिवार ने कहा कि मेमोरियल सर्कल में इसका निर्माण लिंकन मेमोरियल और अर्लिंगटन राष्ट्रीय कब्रिस्तान को जोड़ने वाली ऐतिहासिक दृश्य रेखा को बाधित करेगा।

अमेरिकी मीडिया की रिपोर्टों के अनुसार, रोरी कैनेडी और मैक्सवेल कैनेडी ने एक बयान में कहा कि प्रस्तावित संरचना उनके माता-पिता और चाचाओं की कब्रों के साथ-साथ देश के लिए बलिदान देने वाले हजारों अमेरिकी सैनिकों की कब्रों पर छाया डालेगी। उन्होंने यह भी कहा कि इस परियोजना से लोकतांत्रिक सिद्धांतों और ऐतिहासिक महत्व वाले स्थलों की रक्षा करने वाले कानूनी प्रावधानों को लेकर सवाल खड़े होते हैं।

मुकदमे में शामिल कैनेडी परिवार के नौ सदस्यों में रॉबर्ट एफ कैनेडी और एडवर्ड एम कैनेडी के बच्चे तथा पोते-पोतियां शामिल हैं। उन्होंने वाशिंगटन डीसी और वर्जीनिया राज्य की ओर से ट्रंप प्रशासन के खिलाफ दायर मुकदमे में पक्षकार बनने का अनुरोध किया है। वियतनाम युद्ध के कई पूर्व सैनिकों, ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण से जुड़े लोगों और अर्लिंगटन काउंटी ने भी इस परियोजना को चुनौती दी है।

कैनेडी परिवार का कहना है कि उनके परिजनों की कब्रों की रक्षा करने में उनका कानूनी हित जुड़ा है। परिवार ने दलील दी कि अदालतें पहले भी परिजनों को अपने प्रियजनों के समाधि स्थलों की रक्षा करने का अधिकार दे चुकी हैं।
परिवार के वकीलों ने कहा कि प्रस्तावित स्मारक अर्लिंगटन राष्ट्रीय कब्रिस्तान के कामकाज और ऐतिहासिक स्वरूप में गैरकानूनी हस्तक्षेप है। उनका तर्क है कि इस स्तर के हस्तक्षेप को मंजूरी देने का संवैधानिक अधिकार केवल अमेरिकी कांग्रेस के पास है।
यह कानूनी चुनौती ऐसे समय आई है, जब पिछले सप्ताह एक संघीय न्यायाधीश ने प्रस्तावित स्मारक के निर्माण पर अस्थायी रूप से 14 दिनों के लिए रोक लगा दी थी। यह रोक परियोजना के पक्ष में अंतिम मंजूरी के लिए हुए मतदान के बाद लगाई गई। इससे पहले लंबी सार्वजनिक सुनवाई के दौरान नागरिकों ने इस परियोजना का विरोध किया था।
प्रस्तावित स्मारक पोटोमैक नदी के उस पार एक यातायात चौराहे पर बनाया जाना है, जो लिंकन मेमोरियल के सामने स्थित है। ट्रंप प्रशासन का कहना है कि इसका उद्देश्य अमेरिका की स्वतंत्रता की 250वीं वर्षगांठ का स्मरण करना है। प्रशासन ने नवंबर से ही निर्माण कार्य शुरू करने की योजना बनाई थी।

.....

Next Post

सामुदायिक मध्यस्थता केंद्र ने 148 विवाद सुलझाकर लौटाए 8 करोड़ रुपए

Wed Nov 11 , 2026
इंदौर. छोटे-मोटे विवादों को लेकर थाने और अदालतों के चक्कर काटने वाले लोगों के लिए इंदौर पुलिस कमिश्नरेट का सामुदायिक मध्यस्थता केंद्र राहत का मंच बन रहा है. यहां आपसी बातचीत और सहमति के जरिए अब तक 148 प्रकरणों का निराकरण कर आवेदकों को 8 करोड़ 4 लाख 25 हजार […]

You May Like