कोल्हापुर (वार्ता) महाराष्ट्र के कोल्हापुर में कलंबा स्थित जिला केंद्रीय जेल में बुधवार को कैदियों के दो प्रतिद्वंद्वी समूहों के बीच कथित झड़प में महिला जेल अधिकारी और एक कैदी घायल हो गये।
पुलिस के सूत्रों के अनुसार कुछ कैदी मीटिंग हॉल में अपने रिश्तेदारों से बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान कैदी अमर सतीश माने कमरे से बाहर आया, तभी अन्य कैदी करण पुरी ने कथित तौर पर उस पर अचानक हमला कर दिया और किसी पुराने झगड़े को लेकर उसे लात-घूंसे मारने लगा। जब अन्य दो कैदियों ने पुरी को रोकने की कोशिश की, तो उसके दो साथियों ने कथित तौर पर उन पर भी हमला कर दिया। ड्यूटी पर तैनात महिला जेल अधिकारी स्वाति लक्ष्मण जाधव लड़ाई को रोकने के लिए दौड़ीं, तो पुरी ने महिला अधिकारी को धक्का दे दिया, जिससे कैदी माने के साथ-साथ वह भी घायल हो गयी।
जेल अधीक्षक विवेक जेंडे ने शहर के जूना राजवाड़ा थाने में करण राजेंद्र पुरी, वैंकटेश उर्फ विकी संजय कांबले और ओम मंगेश माने समेत तीन कैदियों के खिलाफ शिकायत दर्ज करायी है। उन्होंने कहा कि मारपीट में शामिल सभी कैदियों के खिलाफ जेल का अनुशासन तोड़ने के आरोप में कड़ी कार्रवाई की जायेगी।
