जम्मू, (वार्ता) जम्मू- कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने शनिवार को कहा कि केंद्र सरकार प्रदेश के मछली का पालन करने वाले किसानों की आजीविका और कल्याण को बेहतर बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
श्री सिन्हा ने केंद्र शासित प्रदेश में स्वीकृत मत्स्य विकास परियोजना को लागू करने के लिए 111.66 करोड़ रुपये की केंद्रीय हिस्सेदारी जारी करने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और पंचायती राज एवं मत्स्य पालन, पशुपालन एवं डेयरी मंत्री राजीव रंजन सिंह के प्रति भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट में कहा, “मैं जम्मू-कश्मीर में स्वीकृत मत्स्य विकास परियोजना को लागू करने के लिए 111.66 करोड़ रुपये की केंद्रीय हिस्सेदारी जारी करने के लिए श्री मोदी और श्री सिंह का आभारी हूँ। चालू वित्त वर्ष में, मंत्रालय द्वारा 10 करोड़ रुपये की राशि के लिए मुख्य स्वीकृति जारी की गई है, और एक बार इस राशि का उपयोग हो जाने के बाद केंद्र सरकार ने मुझे आगे की केंद्रीय हिस्सेदारी जारी करने का आश्वासन दिया है। भारत सरकार केंद्र शासित प्रदेश के मछली किसानों की आजीविका और कल्याण को बेहतर बनाने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध है।”
