श्रीनगर 26 फरवरी (वार्ता) नेशनल कॉन्फ्रेंस विधायक एवं पार्टी के मुख्य प्रवक्ता तनवीर सादिक ने बुधवार को विश्वास जताया कि आगामी जम्मू-कश्मीर बजट जनता के लिए राहत और रचनात्मक विकास की मजबूत नींव रखेगा।
श्री सादिक आज यहां अपने बयान में कहा, “मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार जनता द्वारा और जनता के लिए है तथा जनता को राहत पहुंचाना सरकार की पहली प्राथमिकता है। नवनिर्वाचित सरकार का पहला बजट अगले महीने पेश किया जायेगा। मुख्यमंत्री ने बजट तैयार करने से पहले सभी हितधारकों से गहन विचार-विमर्श किया और हमें विश्वास है कि बजट जन राहत और विकास की मजबूत नींव रखेगा।” उन्होंने जोर दिया कि पिछले 10 वर्षों से, खास तौर पर 2019 के बाद सरकार और लोगों के बीच संवाद टूट गया था, लेकिन श्री अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार ने लोगों का भरोसा और विश्वास बहाल करने में काफी हद तक सफलता हासिल की है।
उन्होंने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस के मंत्री और विधायक जनता के लिए समर्पित हैं और प्रदेश की जनता की समस्याओं को सुनने और उन्हें हल करने के लिए हमेशा उपलब्ध हैं। उन्होंने दावा किया कि 2015 से 2024 तक केवल जनविरोधी फैसले और कार्रवाई की गयी, लेकिन अब नेशनल कॉन्फ्रेंस सरकार का हर फैसला लोगों के अनुकूल और जनहित में होगा।
