हाईवे पर स्टंट करना पड़ा महंगा

छतरपुर। जिले की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और खुद को इंस्टाग्राम क्वीन बताने वाली आरती साहू एक बार फिर सुर्खियों में हैं। हाईवे पर बाइक से स्टंट करते हुए उनका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। यह वीडियो आरती साहू के इट्स आरती साहू नाम के इंस्टाग्राम अकाउंट पर अपलोड किया गया था, जिसे लाखों लोगों ने देखा और पसंद किया। हालांकि, यही वायरल वीडियो अब उनके लिए परेशानी का कारण बन गया है।

वीडियो सामने आने के बाद छतरपुर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। पुलिस का कहना है कि हाईवे पर इस तरह के खतरनाक स्टंट न केवल यातायात नियमों का उल्लंघन हैं, बल्कि इससे जान-माल को भी भारी खतरा हो सकता है। मामले को लेकर छतरपुर के सीएसपी अरुण सोनी ने सख्त एडवाइजरी जारी की है।

इनका कहना है कि

सीएसपी अरुण सोनी ने स्पष्ट रूप से कहा कि हाईवे पर स्टंट करना, बर्थडे पार्टी मनाना या किसी भी तरह का उत्सव आयोजित करना कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी बताया कि पुलिस सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर लगातार नजर बनाए हुए है और नियमों का उल्लंघन करने वाले वीडियो पोस्ट करने वालों पर भी कार्रवाई होगी।

पुलिस की इस चेतावनी के बाद जिले में सोशल मीडिया यूजर्स और इन्फ्लुएंसर्स के बीच हलचल है। पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे लाइक और व्यूज के चक्कर में अपनी और दूसरों की जान खतरे में न डालें तथा यातायात नियमों का पालन करें।

Next Post

निवाड़ी और टीकमगढ़ जिलों में भी प्रारंभ कराएं जन औषधि केन्द्र

Tue Dec 23 , 2025
सागर। सागर संभागायुक्त अनिल सुचारी ने सागर संभाग के सभी जिलों में अमानक खाद, बीज और कीटनाशक बेचने वाली फर्मों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही करने के निर्देश दिए हैं। कमिश्नर ने सागर संभाग के सभी कृषि विभाग के उपसंचालकों को निर्देशित करते हुए कहा है कि अमानक स्तर के खाद, […]

You May Like