इंदौर:बेटमा थाना क्षेत्र में एक किसान का अपहरण कर 20 लाख रुपए की फिरौती मांगने का मामला सामने आया है. पुलिस के मौके पर पहुंचने की भनक लगते ही बदमाश किसान को छोड़कर फरार हो गए.जिले के बेटमा थाना क्षेत्र के पंथ बड़ौदिया गांव में रहने वाले किसान हुकुमसिंह शुक्रवार रात खेत में जाने का कहकर घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे.
इसी बीच उनके मोबाइल से ही परिजनों के पास वाट्सऐप कॉल और वाइस मैसेज आने लगे, जिनमें अपहरणकर्ताओं द्वारा 20 लाख रुपए की फिरौती मांगी गई. परिजनों ने जब कॉल कर बात करने की कोशिश की तो सामने से किसान की तस्वीर भेजी गई, जिसमें उसे नीचे दबाकर उसके गले पर चाकू अड़ा हुआ दिखाई दे रहा था. इसके बाद आरोपियों ने एक सुनसान स्थान पर रकम लेकर पहुंचने को कहा.
घटना से घबराए परिजनों ने पुलिस को सूचना दी. पुलिस टीम ग्रामीणों के साथ बताए गए स्थान पर पहुंची. वहां हलचल बढ़ती देख अपहरणकर्ता किसान को लेकर भाग निकले, लेकिन कुछ दूरी पर ही उसे छोड़कर फरार हो गए. रातभर परिजन इंतजार करते रहे और सुबह किसान किसी तरह घर पहुंच गया. बताया जा रहा है कि वह नशे की हालत में था, जिसके कारण घटना के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं दे पा रहा है. पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है. मामले में बेटमा थाना प्रभारी मीना कर्णावत ने बताया कि फरियादी अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है, उसके बयान के बाद ही घटना के संबंध में स्पष्ट जानकारी मिल सकेगी.
