नयी दिल्ली, 21 अगस्त (वार्ता) केंद्रीय अप्रत्यक्ष कर एवं सीमा शुल्क बोर्ड (सीबीआईसी) ने मुंबई शहर, मुंबई उपनगरीय ठाणे, रायगढ़ और पालघर जिलों में माल एवं सेवा कर (जीएसटी) भुगतानकर्ताओं के लिए जुलाई माह के लिए जीएसटीआर-3बी दाखिल करने की अंतिम तिथि बढ़ाकर 27 अगस्त कर दी है।
मुंबई और आसपास के इलाकों में पिछले कुछ दिनों से जारी भारी बारिश के मद्देनजर यह फैसला किया गया है। बारिश के कारण इस क्षेत्र में जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।
सीबीआईसी ने इस संबंध में बुधवार को एक अधिसूचना जारी की। इसमें कहा गया है कि जुलाई 2025 के लिए फॉर्म जीएसटीआर-3बी दाखिल करने की तारीख बढ़ा दी गयी है।
अधिसूचना के अनुसार, “मुंबई क्षेत्र के कुछ भागों में निरंतर बारिश और सार्वजनिक जीवन में व्यवधान को देखते हुए, पंजीकृत करदाताओं के लिए दाखिल करने की नियत तारीख 27 अगस्त 2025 तक बढ़ा दी गई है।”
इसमें बताया गया है कि यह राहत उन कंपनियों को दी गयी है जिनका मुख्य व्यवसाय स्थान मुंबई शहर, मुंबई उपनगरीय ठाणे, रायगढ़ और पालघर जिलों में है। इन इलाकों के करदाताओं को विलंब शुल्क और जुर्माने से बचने के लिए 27 अगस्त तक नियत तिथि के भीतर अपना रिटर्न दाखिल करने की सलाह दी गयी है।
