
इंदौर, 22 फरवरी (वार्ता) मध्यप्रदेश भारतीय जनता पार्टी के संगठन महामंत्री श्री हितानंद ने आज कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री स्व़ श्री अटल बिहारी वाजपेयी की जन्मशताब्दी वर्ष पर होने जा रहे कार्यक्रम को मंडल स्तर तक पूर्ण निष्ठा के साथ आयोजित करना है।
श्री हितानंद ने यहां भाजपा कार्यालय में संगठनात्मक बैठक को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही 23 फरवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात कार्यक्रम को प्रत्येक बूथ पर सुना जाना है। श्री शर्मा ने बैठक में आजीवन सहयोग निधि को लेकर पार्टी पदाधिकारियों से विस्तार से चर्चा की।
भाजपा के प्रदेश संगठन महामंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री श्री वाजपेयी की जन्मशताब्दी वर्ष पर होने जा रहे कार्यक्रम को मंडल स्तर तक आयोजित कर सभी को अटलजी के विचारों को आत्मसात कराना है। उन्होंने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री श्री वाजपेयी के दिखाए मार्ग पर चलकर प्रधानमंत्री श्री मोदी और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में हर गरीब का जीवन बदलने का काम हमारी सरकार कर रही हैं।
श्री हितानंद ने कहा कि स्व. अटलजी की सरकार ने अलग से जनजातीय कार्य मंत्रालय बनाया। प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना एवं नदी जोड़ों योजना जैसी अनेकों महत्वपूर्ण योजनाएं देकर आम जन के विकास को आगे बढ़ाने का काम किया था। अटलजी ने परमाणु परीक्षण कर भारत को शक्तिशाली राष्ट्र की श्रेणी में लाकर खड़ा कर दिया। अब कोई भी दुश्मन देश भारत की तरफ आंख उठाकर भी नहीं देख सकता है।
इस अवसर पर पार्टी के वरिष्ठ नेता कृष्णमुरारी मोघे, सांसद शंकर लालवानी, महापौर पुष्यमित्र भार्गव, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, विधायक रमेश मेंदोला, श्रीमती मालिनी गौड़, महेंद्र हार्डिया, अनुसूचित जाति वित्त विकास निगम अध्यक्ष सावन सोनकर सहित पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।
