
अहमदाबाद 21 फरवरी (वार्ता) आदित्य सरवटे और जलज सक्सेना (चार-चार विकेट) की शानदार गेंदबाजी की बदौलत केरल और गुजरात के बीच खेला गया पहला सेमीफाइनल मुकाबला शुक्रवार को ड्रा रहा और केरल ने पहली पारी में मिली दो रनों की मामूली बढ़त के आधार पर रणजी ट्रॉफी के फाइनल में जगह पक्की कर ली है।
गुजरात ने कल के सात विकेट पर 429 के स्कोर से आगे खेलना शुरु किया। आज सुबह के सत्र में सरवटे ने जयमीत पटेल (78) को मोहम्मद अजहरूद्दीन के हाथों स्टंप करवाकर केरल को 436 के स्कोर पर आठवीं सफलता दिलाई। इसके बाद सरवटे ने सिद्धार्थ देसाई (30) को पगबाधा आउट कर पवेलियन भेज दिया। अरजान नागवासवाला (10) भी सरवटे का शिकार बने। केरल के गेंदबाजों ने गुजरात की पूरी टीम 174.4 ओवर में 455 के स्कोर पर समेट कर दो रनों की बढ़त ले ली। केरल की ओर से आदित्य सरवटे और जलज सक्सेना (चार-चार विकेट) लिये। एम डी निधीष और एनपी बासिल ने एक-एक बल्लेबाज को आउट किया।
इसके बाद दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी केरल ने अपने दो विकेट 32 के स्कोर पर गवां दिये। अक्षय चंद्रन (नौ), वरुण नयनार (एक) रन बनाकर आउट हुये। सिद्धार्थ देसाई ने रोहन कुन्नुमल (32) को आउटकर केरल को तीसरा झटका दिया। केरल का चौथा विकेट सचिन बेबी (10) रन के रूप में गिरा। मैच को ड्रा घोषित किये जाने के समय केरल का दूसरी पारी में स्कोर चार विकेट पर 114 रन था।
गुजरात की ओर से सिद्धार्थ देसाई और मनन हिंगराजिया को दो-दो विकेट मिले।
उल्लेखनीय है कि केरल ने पहली पारी में 457 का स्कोर खड़ा किया था। रणजी ट्रॉफी का फाइनल मैच केरल और विदर्भ के बीच होगा।
