नयी दिल्ली (वार्ता) इटली के ट्यूरिन में आठ मार्च से शुरु होने वाले स्पेशल ओलंपिक वर्ल्ड विंटर गेम्स 2025 में भारत का 49 सदस्यीय दल शिरकत करेगा।
इटली के ट्यूरिन में आठ से 15 मार्च होने वाली इस प्रतियोगिता में भारत के 30 एथलीट और 19 लोगों का सपोर्ट स्टाफ शामिल हैं। भारतीय खिलाड़ी छइ खेल स्पर्धाओं – अल्पाइन स्कीइंग, क्रॉस कंट्री स्कीइंग, फ्लोरबॉल, शॉर्ट-ट्रैक स्पीड स्केटिंग, स्नोबोर्डिंग और स्नोशूइंग में प्रतिस्पर्धा करेंगे।
स्पेशल ओलंपिक वर्ल्ड विंटर गेम्स के 12वें संस्करण में आठ खेल स्पर्धाएं शामिल हैं और इनमें 102 देशों के 1,500 से अधिक एथलीट 621 अपने कोचों की देखरेख में अपना जौहर दिखाएंगे ।
स्पेशल ओलंपिक भारत की अध्यक्ष डॉ. मल्लिका नड्डा ने एथलीटों को शुभकामनाएं देते हुए कहा, “मैं स्पेशल ओलंपिक विंटर गेम्स में भारत का प्रतिनिधित्व करने जा रहे एथलीटों को अपनी शुभकामनाएं देना चाहती हूं। उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण हम सभी को प्रेरित करता है, और हम ट्यूरिन में उनके दमदार प्रदर्शन को देखने के लिए उत्सुक हैं। हम अपने एथलीटों को एक्शन में देखने के लिए बेहद उत्साहित हैं और हमें यकीन है कि वे एक बार फिर वैश्विक मंच पर देश को गौरवान्वित करेंगे।”
