
चीफ जस्टिस के निर्देश पर रजिस्ट्रार जनरल ने जारी किये आदेश
जबलपुर। मप्र हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस सुरेश कुमार कैत के निर्देश पर रजिस्ट्रार जनरल धरमिंदर सिंह ने कुछ न्यायिक अधिकारियों का स्थानांतरण आदेश जारी किया है। इसके तहत कुटुम्ब न्यायालय मंदसौर में पदस्थ प्रधान न्यायाधीश गंगाचरण दुबे को जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश इंदौर बनाया गया है। इंदौर में पदस्थ जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश देवेश उपाध्याय को ग्वालियर भेजा गया है। ग्वालियर से जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश श्याम सुंदर झा को सिहोरा-जबलपुर भेजा गया है। मंदसौर में पदस्थ जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश डॉ. प्रीति श्रीवास्तव को आंबेडकर नगर भेजा गया है। इसी तरह जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश मंदसौर विशाल शर्मा को आंबेडकर नगर भेजा गया है। जबलपुर में पदस्थ जिला एवं अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश अमजद अली को रायगढ़ स्थानांतरित किया गया है। ताजा आदेश के जरिये बड़वाह शाजापुर, जबलपुर, मैहर, विदिशा, मुलताई, धार, रतलाम और भोपाल आदि में भी रिक्त पदों पर नवीन पदस्थापना की गई हैं। न्यायिक अधिकारी गंगाचरण दुबे, श्याम सुंदर झा के अलावा कौशलेन्द्र सिंह भदौरिया ने विहित प्राविधान अंतर्गत स्वयं के खर्च पर स्थानांतरण लिया है।
