भिंड: जिले के गोहद क्षेत्र अंतर्गत चंदोखर गांव के पास एक तेज रफ्तार यात्री बस पलटने से दर्दनाक हादसा हो गया। हादसे में 10 वर्षीय बालिका की मौत हो गई, जबकि करीब आधा दर्जन यात्री घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।बस क्रमांक एमपी06पी0493 मुरैना से गोहद चौराहा होते हुए भिंड की ओर आ रही थी। यात्रियों के मुताबिक बस चालक वाहन को तेज गति और लापरवाही से चला रहा था। यात्रियों द्वारा कई बार बस को धीरे चलाने की समझाइश दी गई, लेकिन चालक ने उनकी बात अनसुनी कर दी।
इसी दौरान चंदोखर गांव के पास मंदिर के समीप बस अनियंत्रित होकर पलट गई। फरियादी धीरज शिवहरे (25) निवासी गौतम नगर, गोहद चौराहा ने थाना पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि हादसे के वक्त उनकी भाभी पूनम, 10 वर्षीय बच्ची शिवन्या और सिद्धार्थ बस में सवार थे। घटना की सूचना मिलने पर वह अपने भाई महेंद्र शिवहरे के साथ मौके पर पहुंचे, जहां बस खेत में पलटी हुई मिली और पुलिस मौके पर मौजूद थी। घटना में गंभीर रूप से घायल बच्ची शिवन्या को पुलिस द्वारा गोहद अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अन्य घायलों का उपचार जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है तथा बस चालक की लापरवाही को हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है।
