
अनूपपुर-शहडोल के रास्ते करते थे बगैर नम्बर वाहनों का उपयोग
डिण्डौरी। गुरुवार की अलसुबह कोतवाली पुलिस द्वारा ग्राम घानामार में मुखबिर की सूचना पर घेराबंदी कर शराब तस्करों से लगभग 1, 63, 390 रूपये कीमत की 238 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर चार आरोपियों को गिरफ्तार किया गया।
कोतवाली पुलिस से प्राप्त जानकारी अनुसार शराब तस्करों के पास से चार दो पहिया वाहन भी जब्त कर पुलिस अभिरक्षा में लिये गये हैं, जिनका कि वह तस्करी में इस्तेमाल करते थे, जब्त किये गये चारों वाहनों की कुल कीमत लगभग 1 लाख 70 हजार रूपये बताई जा रही है। इसके अलावा तस्कर अवैध शराब का यह कारोबार अनूपपुर – शहडोल से लगातार करने की संभावना भी जताई जा रही है।
स्थानीय हैं आरोपी
तस्करी में शामिल चारों आरोपी जिले के स्थानीय निवासी हैं और ग्राम मढियारास और ग्राम खरगहना के बताये गये हैं, जिनमे से आरोपी बलराम गौतम पिता लक्ष्मण गौतम उम्र 32 वर्ष निवासी मढ़ियारास, मनोज कुमार गौतम पिता यशवंत सिंह गौतम उम्र 34 वर्ष निवासी ग्राम मढ़ियारास, उज्जैन सिंह ठाकुर पिता हेमसिंह ठाकुर उम्र 32 वर्ष निवासी मढ़ियारास, बद्री गौतम पिता जगदीश गौतम उम्र 32 वर्ष निवासी ग्राम खरगहना पर अलग-अलग 04 अपराध में धारा 34 (2) आबकारी एक्ट के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया है।
तीन पर पूर्व में भी अपराध दर्ज
कोतवाली प्रभारी दुर्गा प्रसाद नगपुरे कि माने तो गिरफ्तार किये गये तीन आरोपियों पर पहले से ही अपराध पंजीबद्ध है और ढाबों का संचालन करते हैँ। स्वाभाविक है कि बरामद की गई अवैध अंग्रेजी शराब को इन्ही होटल – ढाबों पर खपाया जाता है, तस्करी का यह सिलसिला लम्बे अरसे से किया जा रहा है।
इनका कहना है
अनूपपुर शहडोल से अवैध शराब कि खेप दो पहिया वाहनो के माध्यम से आने वाली है, मुखबिर कि सूचना पर टीम बनाकर घेराबंदी कर कार्यवाही कि गई, जिसमे चार आरोपियों से चार मोटर साइकिलो पर अलग-अलग 238 लीटर अंग्रेजी शराब जब्त की गई है।
दुर्गा प्रसाद नगपुरे
निरीक्षक, थाना कोतवाली, डिण्डौरी
