प्रदेश अध्यक्ष के चयन में संघ की रहेगी अहम भूमिका

सियासत

भाजपा 20 मार्च तक अपना राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन लेगी. भाजपा के आंतरिक संविधान के अनुसार जब तक 36 में कम से कम 18 राज्यों में प्रदेश अध्यक्ष का निर्वाचन नहीं होता तब तक राष्ट्रीय अध्यक्ष नहीं चुना जा सकता. इस समय तक केवल 12 राज्यों में प्रदेशाध्यक्ष नियुक्त हुए हैं. जाहिर है पार्टी शेष राज्यों में जल्दी ही प्रदेशाध्यक्ष का निर्वाचन करने वाली है. कहा जा रहा है कि आने वाले 10 दिनों के भीतर मध्य प्रदेश को नया भाजपा अध्यक्ष मिल जाएगा. सूत्रों का कहना है कि प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचन में संघ की मध्य क्षेत्र इकाई की महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी.

संघ प्रमुख मोहन भागवत, सह सरकार्यवाह कृष्ण गोपाल और अखिल भारतीय कार्यकारणी सदस्य सुरेश सोनी भोपाल में रहने वाले हैं. इस दौरान भाजपा संगठन को लेकर चर्चा हो सकती है. दरअसल, नई शिक्षा नीति के तहत स्कूलों के सिलेबस में हो रहे बदलाव के बीच राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ का अनुशांगिक संगठन विद्या भारती 3 से 8 मार्च तक एक विशेष प्रशिक्षण शिविर का आयोजन कर रहा है. यह शिविर राजधानी भोपाल स्थित सरस्वती विद्या मंदिर उ.मा. आवासीय विद्यालय, शारदा विहार में आयोजित होगा. इस 5 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के प्रमुख डॉ. मोहन भागवत विशेष रूप से शामिल होंगे. इसमें देशभर से आने वाले 700 से ज्यादा पूर्णकालिक कार्यकर्ता विशेष प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे. राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख, डॉ. मोहन भागवत इस शिविर का औपचारिक शुभारंभ 4 मार्च को करेंगे. डॉ. भागवत सोमवार को भोपाल पहुंच गए हैं.

इसके बाद 5 मार्च को दिल्ली रवाना हो जाएंगे. इस कार्यक्रम में संघ के वरिष्ठ पदाधिकारी जैसे सह सरकार्यवाह कृष्ण गोपाल, सुरेश सोनी और अन्य प्रमुख पदाधिकारी भी शामिल होंगे. हालांकि भाजपा प्रदेश अध्यक्ष का निर्णय भले ही केंद्रीय नेतृत्व को लेना है लेकिन इसमें संघ की महत्वपूर्ण भूमिका रहने वाली है. पार्टी सूत्रों का मानना है कि जल्द ही इस बारे में फैसला कर लिया जाएगा. मौजूदा प्रदेश अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा का पांच वर्ष का कार्यकाल पूरा हो चुका है. सात महीने पहले से आरंभ हुए संगठन चुनाव में बूथ से लेकर मंडल और जिलाध्यक्ष के चुनाव भी संपन्न हो चुके हैं. अब प्रदेश अध्यक्ष के बाद 20 मार्च तक राष्ट्रीय अध्यक्ष का भी चुनाव होना है.

Next Post

ट्रक में 65 मवेशी में से 11 गाय माता और 54 नंदी हुए रहा

Tue Mar 4 , 2025
दमोह: आज लगभग रात 9.15 बजे के आसपास हरदुटोरा के जंगल में सुरभि गौ सेवा समिति स्नेहा जी गोलू,पप्पू महाजन, मानव भगवती कल्याण समिति तिलक से, निस्वार्थ गौ सेवा समिति दमोह के अध्यक्ष दीपक नेमा, सत्यम और सभी जगह के गौ सेवकों के सहयोग से गौ वंश से भरा ट्रक […]

You May Like