नयी दिल्ली, 18 फरवरी (वार्ता) भारत – कतर संयुक्त व्यापार मंच की मंगलवार को राष्ट्रीय राजधानी में बैठक होगी।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय ने सोमवार को एक विज्ञप्ति में कहा कि कतर के अमीर शेख तमीम बिन हमद अल-थानी की भारत यात्रा के दौरान इस मंच की बैठक का आयोजन किया जाएगा जिसमें द्विपक्षीय आर्थिक और व्यापारिक संबंधों को मजबूत बनाने के अवसरों पर चर्चा होगी।
शेख तमीम बिन हमद अल थानी सोमवार से भारत की दो दिन की यात्रा पर है। इस कार्यक्रम को कतर के वाणिज्य और उद्योग मंत्री महामहिम शेख फैजल बिन थानी बिन फैजल अल थानी और वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल संबोधित करेंगे।
संयुक्त व्यापार मंच का आयोजन भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) द्वारा उद्योग और आंतरिक व्यापार संवर्धन विभाग (डीपीआईआईटी), भारत सरकार के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय के सहयोग से किया जा रहा है। इसमें दोनों देशों की कंपनियों के प्रतिनिधि एक मंच पर एकत्रित हो कर एक दूसरे के यहां निवेश के अवसरों, तकनीकी सहयोग और आर्थिक साझेदारी का पता लगाएंगे।
कतर के उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल में ऊर्जा, बुनियादी ढांचे, वित्त, प्रौद्योगिकी, खाद्य सुरक्षा, रसद, उन्नत विनिर्माण और नवाचार क्षेत्र के अग्रणी उद्यमी शामिल हैं।
इस दौरान अन्य विषयों के अलावा मुख्य रूप से भारत और कतर के बीच दीर्घकालिक रणनीतिक साझेदारी बनाने के लिए विशेष माध्यम में निवेश करने, रसद, उन्नत विनिर्माण और खाद्य सुरक्षा के क्षेत्र में सहयोग करने और दक्षताओं का लाभ उठाने तथा भविष्य के क्षेत्रों (एआई, नवाचार, स्थिरता आदि) में सहयोग को बढ़ावा देने के विषय में चर्चा होगी।
