
छतरपुर। पुलिस ने एक बड़े अंतरराज्यीय मोटरसाइकिल चोरी गैंग का भंडाफोड़ करते हुए गैंग के सरगना कल्लू उर्फ मंगल दीन पाल समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सिविल लाइन थाना पुलिस की कार्रवाई में आरोपियों के कब्जे से कुल 23 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की गई हैं, जिनकी कीमत लगभग 14 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार अन्य दो आरोपी अंकित यादव और वसीम खान बताए गए हैं। पुलिस के अनुसार कल्लू पाल के खिलाफ अवैध हथियार और मारपीट सहित तीन मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं अंकित यादव भी चोरी के अपराधों में शामिल रहा है, जबकि वसीम खान को पोस्को एक्ट समेत कई मामलों में संलिप्त पाया गया है।
पुलिस को लंबे समय से सिविल लाइन थाना क्षेत्र के जिला अस्पताल, स्टेडियम, सटई रोड सब्जी मंडी, मुक्तिधाम और श्रीराम कॉलोनी सहित कई स्थानों से लगातार बाइक चोरी की शिकायतें मिल रही थीं। इसी तरह कोतवाली थाना क्षेत्र—जिला अस्पताल, बरायच खेड़ा और चौक बाजार—से भी चोरी के मामले बार-बार सामने आ रहे थे।
