
सीधी।सीधी विधानसभा क्षेत्र के सभी ब्लॉकों सीधी, सेमरिया, कुचवाही और बरमबाबा में निर्वाचन आयोग द्वारा संचालित मतदाता सूची के विशेष पुनरीक्षण कार्यक्रम के तहत कांग्रेस बी.एल.ए. एवं पदाधिकारियों का प्रशिक्षण सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सीधी विधानसभा के संगठन प्रभारी विनोद शर्मा मुख्य अतिथि रहे, जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी विनोद शर्मा ने कहा कि मतदाता सूची का सुधार लोकतांत्रिक प्रक्रिया की नींव है। यदि कांग्रेस कार्यकर्ता बूथ स्तर पर सक्रिय रहेंगे, तो संगठन मजबूत होगा और सही मतदाता सूची तैयार करने में बड़ी भूमिका निभा सकेंगे। एस आई आर हम सबके लिए जिम्मेदारी और अवसर दोनों है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि वे क्षेत्र में घर-घर संपर्क कर योग्य मतदाताओं के नाम जोड़ने और त्रुटियों को सुधारने में कोई कमी न छोड़ें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि बी.एल.ए. की मेहनत और सजगता से ही मतदाता सूची की पारदर्शिता और शुद्धता सुनिश्चित होती है। कांग्रेस संगठन आप सभी पर भरोसा करता है। हर ब्लॉक, हर सेक्टर और हर बूथ पर हमारी टीम जितनी मजबूत होगी, लोकतंत्र उतना ही सशक्त होगा। उन्होंने आगे कहा कि एस आई आर का सफल संचालन आने वाले चुनावों की तैयारी का महत्वपूर्ण हिस्सा है, इसलिए सभी कार्यकर्ता अपनी जिम्मेदारी को गंभीरता से निभाएँ।
प्रशिक्षण का संचालन एवं मार्गदर्शन प्रशिक्षण प्रभारी प्रदीप सिंह दीपू द्वारा किया गया, जिन्होंने बी.एल.ए. की भूमिका, मतदाता सूची के पुनरीक्षण की प्रक्रिया, बूथ स्तर की जिम्मेदारियाँ, फार्म भरने की तकनीक तथा निर्वाचन आयोग के निर्देशों की विस्तृत जानकारी दी। सभी चारों ब्लॉकों के अध्यक्ष विवेक सिंह दीपू अरविंद तिवारी संकट लालवेंद्र सिंह यज्ञराज साहू सुंदरलाल सिंह रविनाथ गोस्वामी सहित कार्यकर्ता पदाधिकारी बीएलए भारी संख्या में शामिल हुए और प्रशिक्षण में सक्रिय भागीदारी दिखाई।
चारों ब्लॉकों के प्रशिक्षण सत्र विधिवत सम्पन्न हुए और कार्यक्रम के अंत में सभी कार्यकर्ताओं ने बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाने तथा मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य को सफलता पूर्वक पूरा करने का संकल्प लिया।
