वेनेजुएला के राष्ट्रपति मादुरो ने अमेरिका के साथ बातचीत की इच्छा जताई, ‘हस्तक्षेप न करने’ की रखी शर्त

काराकास, 27 दिसंबर (वार्ता) वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो ने अमेरिका के साथ आपसी सम्मान के आधार पर बातचीत करने की इच्छा व्यक्त की है। मादुरो ने हालांकि स्पष्ट किया कि यह संवाद तभी संभव है जब अमेरिका वेनेजुएला के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करना बंद करे। एक टेलीविज़न संबोधन के दौरान श्री मादुरो ने कहा, “यदि अमेरिकी पक्ष पिछले 25 वर्षों से वेनेजुएला में हस्तक्षेप की अपनी विफल कोशिशों को छोड़ने और आपसी सम्मान के आधार पर बातचीत करने के लिए तैयार है, तो हम इसका स्वागत करेंगे। हम शांति, सहयोग और समृद्धि के मार्ग की तलाश करने के लिए तैयार हैं।”

अपने संबोधन में राष्ट्रपति मादुरो ने अमेरिकी रुख की कड़ी आलोचना भी की। उन्होंने वेनेजुएला सरकार के खिलाफ चलाए जा रहे दुष्प्रचार, देश को अस्थिर करने के प्रयासों और मौजूदा नेतृत्व को उखाड़ फेंकने की साजिशों के लिए अमेरिका को जिम्मेदार ठहराया। उन्होंने अमेरिकी मीडिया से भी अपील की कि वे वेनेजुएला की वास्तविक स्थिति को समझें और फिर उसकी रिपोर्टिंग करें। गौरतलब है कि पिछले कई महीनों से अमेरिका ने ‘नार्को-टेररिज्म’ (नशीले पदार्थों के आतंकवाद) से लड़ने के बहाने वेनेजुएला के पास कैरिबियन समुद्री क्षेत्र में बड़े पैमाने पर हवाई और नौसैनिक बल तैनात कर रखे हैं। इस अभियान के दौरान कैरिबियन और पूर्वी प्रशांत क्षेत्र में नशीले पदार्थों की तस्करी के संदेह में लगभग 30 जहाजों को डुबोया गया है, जिससे अब तक 100 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है।

Next Post

प्रभास की फिल्म ‘द राजा साब’ में मालविका मोहनन की एंट्री, भैरवी बनकर बिखेरी रहस्यमयी शान

Sat Dec 27 , 2025
मुंबई, 27 दिसंबर (वार्ता) दक्षिण भारतीय फिल्मों के मेगा स्टार प्रभास की आने वाली फिल्म द राजा साब में मालविका मोहनन ,भैरवी का किरदार निभाती नजर आयेंगी। फिल्म द राजा साब की टीम ने आधिकारिक तौर पर मालविका मोहनन के किरदार भैरवी का खुलासा कर दिया है, और इस अनाउंसमेंट […]

You May Like