सिंगरौली:जिला मुख्यालय बैढ़न के तुलसी मार्ग पर दोपहर को यातायात जाम की स्थिति बन गई, जिससे वाहन चालकों को काफी देर तक परेशानी का सामना करना पड़ा। होली पर्व के चलते शहर के बाजारों में भारी भीड़ देखी गई। रंग-गुलाल और मिठाइयों की दुकानों पर खरीदारी के लिए लोगों की भीड़ उमड़ने से मुख्य मार्गों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया।तुलसी मार्ग और काली मंदिर मार्ग पर विशेष रूप से अधिक भीड़ रही।
सड़क किनारे चार पहिया वाहनों के खड़े होने से मार्ग संकरा हो गया, जिसके कारण आवागमन प्रभावित हुआ और जाम की स्थिति बनती रही। स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि त्योहारों के दौरान इस मार्ग पर अक्सर ऐसी स्थिति बन जाती है, जिससे ग्राहकों और वाहन चालकों दोनों को असुविधा होती है।व्यापारियों ने यातायात व्यवस्था को और व्यवस्थित किए जाने की आवश्यकता जताते हुए प्रशासन का ध्यान इस ओर आकृष्ट कराया है, ताकि भविष्य में ऐसी परिस्थितियों से राहत मिल सके।
