जबलपुर: तिलवारा थाना अंतर्गत सगड़ा मैदान में बीती शराब पीने के दौरान मामूली कहासुनी पर दोस्त की चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर हत्या करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है।पुलिस के अनुसार, सगड़ा निवासी राकेश पटेल (48) का बड़ा बेटा शुभम पटेल (25) एक चाय दुकान में काम करता था। बीती रात शुभम अपने पड़ोसी दिलीप कुमार पटेल और भीम पटेल के साथ सगड़ा मैदान में बबूल के पेड़ के नीचे बैठकर शराब पी रहा था। नशा गहराते ही शुभम और भीम के बीच किसी बात को लेकर तीखी बहस शुरू हो गई।
विवाद इतना बढ़ा कि आरोपी भीम पटेल ने गुस्से में आकर अपने पास रखा चाकू निकाला और शुभम के बाएं पैर की जांघ पर मार दिया। हमले के बाद शुभम मैदान में ही खून से लथपथ होकर गिर गया। घबराकर दिलीप तुरंत शुभम के घर भागा और परिजनों को घटना की जानकारी दी। पिता राकेश जब मौके पर पहुंचे, तो शुभम ने भी भीम द्वारा चाकू मारने की बात कही। परिजनों ने उसे तुरंत मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन इलाज के दौरान शुभम की मौत हो गई थी। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी भीम पटेल को हिरासत में ले लिया है। उसके पास से वारदात में इस्तेमाल खून से सना चाकू जब्त कर लिया गया है।
