सतना: आयुक्त डॉ. नागार्जुन बी. गौड़ा ने मंगलवार को निगम की विभिन्न शाखाओं की समीक्षा करते हुए अवैध कॉलोनियों और अतिक्रमण के मामलों में नियमानुसार त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने जनहित से जुड़े प्रकरणों को प्राथमिकता देते हुए लंबित मामलों का समयबद्ध निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।
सुबह आयुक्त ने प्रधानमंत्री आवास योजना एवं कॉलोनी सेल के कार्यों की समीक्षा की। कॉलोनी सेल में लंबित प्रकरणों की स्थिति की जानकारी लेते हुए उन्होंने अवैध कॉलोनियों के विरुद्ध तत्काल नियमानुसार कार्रवाई करने तथा आवश्यक प्रक्रिया में अनावश्यक विलंब न होने देने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण पर जोर दिया। उन्होंने पात्र हितग्राहियों से संबंधित प्रक्रियाएं समय पर पूर्ण कर उन्हें योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
वहीं शाम को अतिक्रमण शाखा की समीक्षा में आयुक्त ने शहर में अतिक्रमण की स्थिति और अब तक की गई कार्रवाई की जानकारी ली। उन्होंने सार्वजनिक मार्गों एवं आवागमन को प्रभावित करने वाले अतिक्रमणों पर प्राथमिकता से कार्रवाई करने तथा अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान को प्रभावी रूप से जारी रखने के निर्देश दिए।
इसके बाद जनसम्पर्क शाखा के कार्यों की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने निगम की जनहितकारी योजनाओं, विकास कार्यों, नागरिक सुविधाओं एवं महत्वपूर्ण गतिविधियों की जानकारी समयबद्ध एवं प्रभावी ढंग से आमजन तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने प्रेस एवं सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों से निगम की गतिविधियों का नियमित प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समयबद्ध कार्रवाई हो सुनिश्चित
आयुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि दिए गए निर्देशों का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाए तथा जनहित से जुड़े मामलों में अनावश्यक विलंब किए बिना समयबद्ध कार्रवाई की जाए।
