इंदौर: जिले के दो अलग-अलग तहसीलों के जंगलों में तेंदुओं के हमलों से दहशत फैल गई. गुरुवार शाम से शुक्रवार सुबह के बीच हुए तेंदुओं के इन हमलों में दोनों घायल किसानों का नाम अर्जुन है. दोनों ने हिम्मत दिखाते हुए तेंदुओं का सामना किया और अपनी जान बचाई.जानकारी के अनुसार, सांवेर तहसील के सुलाखेड़ी गांव में 34 वर्षीय किसान अर्जुन पिता मांगीलाल पर तेंदुए ने हमला किया.
जबकि महू तहसील के कुशलगढ़ जंगल में डमाली गांव के 57 वर्षीय किसान अर्जुन पिता दरियावसिंह पर भी तेंदुए ने हमला कर दिया. दोनों ही मामलों में किसानों ने हिम्मत दिखाते हुए तेंदुए से मुकाबला किया और उसे खदेड़ दिया. घायल किसानों को इलाज के लिए इंदौर के एमवाय अस्पताल और महू के मध्य भारत अस्पताल में भर्ती कराया है. इलाज के दौरान वन विभाग ने वन्यजीव हमले में मिलने वाले मुआवजे की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है. फॉरेस्ट रेंजर संगीता ठाकुर ने बताया कि घटना के बाद सुलाखेड़ी क्षेत्र में पिंजरा लगाकर गश्त बढ़ा दी गई है, ताकि तेंदुए को पकड़कर इलाके में सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके.
