भिंड: गोहद में ग्वालियर-इटावा हाईवे पर हरगोविंदपुरा के पास एक यात्री बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इस हादसे में 12 से ज्यादा यात्री घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए गोहद अस्पताल ले जाया गया।जानकारी के अनुसार भिंड बस स्टैंड से ग्वालियर की ओर रवाना बस में करीब 50 यात्री सवार थे। जब बस हरगोविंदपुरा पहुंची तो अचानक एक साइकिल सवार सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बस चालक ने स्टेयरिंग घुमा दी, जिससे बस नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे पलट गई।
दुर्घटना के बाद बस में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर मौजूद राहगीरों ने यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की और तुरंत पुलिस व एम्बुलेंस को सूचना दी गई। हादसे में तृप्ति सोनी निवासी ग्वालियर का हाथ बस की खिड़की में फंस गया, जिसे निकालने में पुलिस और स्थानीय लोगों को करीब आधे घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी।एम्बुलेंस की सहायता से सभी घायलों को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। गोहद चौराहा थाना प्रभारी बृजेंद्र सेंगर ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह बस के सामने अचानक साइकिल सवार आना पाई गई है।
