चौरा टोला मार्ग में अमृत जल योजना का पानी हो रहा बर्बाद

सिंगरौली : नपानि सिंगरौली के वार्ड क्रमांक 41 स्थित गनियारी चौरा टोला मार्ग कैलाश कॉलोनी तिराहा के पास अमृत नल-जल योजना की लापरवाही अब लोगों के लिए बड़ी परेशानी बन गई है।क्षतिग्रस्त पाइपलाइन से रोजाना सैकड़ों लीटर पेयजल सड़क पर बह रहा है। लगातार बहते पानी से सड़क की परत उखड़ चुकी है और पूरा मार्ग गड्ढों व कीचड़ में तब्दील हो गया है। हालात ऐसे हैं कि पैदल चलना भी मुश्किल हो गया है, जबकि दोपहिया वाहन चालक फिसलकर दुर्घटना का शिकार होने के खतरे के बीच आवागमन कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यह समस्या एक-दो दिन की नहीं, बल्कि कई महीनों से बनी हुई है।

जलापूर्ति शुरू होते ही पाइपलाइन से पानी सड़क पर फैल जाता है, जिससे सड़क लगातार कमजोर होती जा रही है। पानी के बहाव के कारण सड़क जगह-जगह धंस गई है और गहरे गड्ढे बन गए हैं। इसका खामियाजा रोजाना राहगीरों, स्कूली बच्चों और स्थानीय निवासियों को भुगतना पड़ रहा है। रहवासियों का आरोप है कि अमृत नल-जल योजना के तहत पानी की बर्बादी केवल इसी स्थान तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरी बस्ती में कई जगह पाइपलाइन से पानी रिस रहा है और सैकड़ों लीटर पेयजल व्यर्थ बह रहा है। नागरिकों ने मांग की है कि क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत कर पेयजल की बर्बादी रोकी जाए और सड़क का पुनर्निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।

Next Post

आंगनवाड़ी भवन का कमजोर नींव की शिकायत

Tue Aug 4 , 2026
देवसर : जनपद पंचायत देवसर अंतर्गत ग्राम पंचायत हर्राचंदेल में हाल ही में निर्मित आंगनवाड़ी क्रमांक-3 का भवन निर्माण अब सवालों के घेरे में आ गया है। ग्रामीणों ने निर्माण कार्य में गंभीर अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए दावा किया है कि भवन की नींव तकनीकी मानकों के अनुरूप नहीं […]

You May Like