इंदौर: शहर में बेहतर पुलिसिंग और अपराध नियंत्रण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित करने के लिए कमिश्नरेट में साप्ताहिक पुरस्कार प्रणाली के तहत मंगलवार को 58 अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र और नगद पुरस्कार दिए. इनमें 30 लाख की लूट का खुलासा करने वाली टीम के 24 पुलिसकर्मी भी शामिल रहे. वहीं बेहतर यातायात प्रबंधन में योगदान देने वाले 15 पुलिसकर्मियों को भी सम्मानित किया.
पलासिया स्थित कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह ने विभिन्न मामलों में सराहनीय कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया. इस दौरान अतिरिक्त पुलिस आयुक्त आरके सिंह सहित अन्य अधिकारियों ने भी पुरस्कार प्राप्त कर्मियों का उत्साहवर्धन किया. पंढरीनाथ क्षेत्र में 29.65 लाख रुपए की लूट के मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार करने और 22.60 लाख रुपए बरामद करने वाली टीम को विशेष रूप से सम्मानित किया.
इस कार्रवाई में जोन 4 के एडीसीपी, एसीपी सराफा, पंढरीनाथ, चंदन नगर, भंवरकुआं, छत्रीपुरा, रावजी बाजार, जूनी इंदौर, सराफा थाना व साइबर सेल के पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही. इसके अलावा गांधीनगर थाना में आरोपी को कुछ ही घंटों में पकड़ने, तेजाजी नगर में अवैध गैस टंकी बेचने वालों की गिरफ्तारी, तिलक नगर में चोरी का खुलासा, तुकोगंज में दोपहिया चोर से 14 वाहन बरामद करने और अपराध शाखा द्वारा एमडी ड्रग्स व ब्राउन शुगर के मामलों में आरोपियों की गिरफ्तारी करने वाले पुलिसकर्मियों को भी पुरस्कृत किया.
ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान बेहतर सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था पर भी पुरस्कार
ब्रिक्स सम्मेलन के दौरान राजबाड़ा क्षेत्र में बेहतर सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था संभालने वाली टीम को भी सम्मान मिला. वहीं यातायात पुलिस के जवानों को शहर के प्रमुख चौराहों पर बेहतर ट्रैफिक मैनेजमेंट, नीट परीक्षा के दौरान अभ्यर्थियों की मदद, वीवीआईपी ड्यूटी और सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में भूमिका निभाने पर सम्मानित किया. आईटी पार्क चौराहे पर गहनों और नकदी से भरा बैग बरामद करने वाली टीम को भी पुरस्कृत किया. इस दौरान पुलिस आयुक्त ने कहा कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित करने से अन्य कर्मियों को भी बेहतर कार्य के लिए प्रेरणा मिलती है और इससे पुलिसिंग की गुणवत्ता में सुधार होता है
