
झाबुआ। रविवार से चैत्र नवरात्र शुरू हो रही है। इसके लिए शहर में माता के दरबार सजाए गए हैं। इसके साथ ही माता के पूजन के लिए मंदिरों को विशेष रूप से सजाया गया है। इस दिन मंदिरों एवं घरों में शुभ मुहूर्त में घट स्थापना कर आठ दिनों तक विधिवत पूजन किया जाएगा। नवरात्रि को लेकर बाजार में रौनक बढ़ गई है। महिलाओं ने नवरात्रों पर देवी पूजन के लिए जमकर खरीदारी की। पंडितों का कहना है कि नवरात्रि में नया कार्य आरंभ करने से बहुत लाभ होता है। हिंदू धर्म का बड़ा पर्व चैत्र नवरात्र 30 मार्च से शुरू हो रही हैं और 6 अप्रैल को खत्म होंगी। नवरात्र के दौरान शक्ति की देवी मां दुर्गा के नौ रूपों की पूजा की जाती है। आमतौर पर नवरात्र पर लोग पूरे नौ दिन का व्रत रखते हैं और मां दुर्गा के नौ रूपों की भक्ति भाव से आराधना करते हैं। भक्त इन दिनों देवी दुर्गा के नौ अवतारों की पूजा करते हैं। मान्यता के अनुसार देवी दुर्गा ने अलग-अलग अवतार लेकर राक्षसों का अंत किया था और भक्त उन्हें इन्हीं रूपों में पूजते हैं। व्रत के दौरान नौ दिनों तक मांस, अनाज, शराब, प्याज और लहसुन का सेवन करने की मनाही होती है।
