कंधार, 28 जनवरी (वार्ता) अफगानिस्तान के दक्षिणी प्रांत कंधार में सोमवार को लावारिस पड़े विस्फोटक उपकरण से खेलने के दौरान अचानक हुए विस्फोट में दो बच्चों की मौत हो गई।
प्रांतीय पुलिस प्रवक्ता असदुल्लाह जमशीद ने मंगलवार को बताया कि स्पिन बोल्डक जिले के पहाड़ी क्षेत्र में हुई, जहां दो बच्चे अपनी बकरियों की देखभाल कर रहे थे। तभी उन्होंने एक खिलौने जैसी वस्तु पायी और उसके साथ खेलना शुरू कर दिया, लेकिन वह एक विस्फोटक उपकरण था, जो फट गया। इस विस्फोट में दोनों बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई।
यह अफगानिस्तान में सप्ताहांत के बाद से इस प्रकार की दूसरी घटना है। युद्धग्रस्त अफगानिस्तान दुनिया के सबसे अधिक बारूदी सुरंगों से प्रदूषित देशों में से एक है, जहां पिछले दशकों में युद्धों से बचे विस्फोटक उपकरणों में विस्फोट होने के कारण हर महीने कई लोग मारे जाते हैं। इनमें से अधिकतर बच्चे होते हैं।
