मुंबई, (वार्ता) ऑनलाइन फूड डिलिवरी और क्विक कॉमर्स कारोबार करने वाली कंपनी इटरनल को मौजूदा वित्त वर्ष की दूसरी तिमाही में समेकित आधार पर 125 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ है जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही के मुकाबले 92 प्रतिशत अधिक है।
इटरनल (पूर्व में जोमैटो) ने बुधवार को निदेशकमंडल की बैठक के बाद वित्तीय परिणामों की घोषणा की। उसने बताया कि तिमाही के दौरान समायोजित राजस्व सालाना 76 प्रतिशत बढ़कर 24,621 करोड़ रुपये पर पहुंच गया।
इस दौरान कंपनी के क्विक कॉमर्स कारोबार ब्लिंकिट का शुद्ध ऑर्डर मूल्य 79.3 प्रतिशत बढ़कर 20,940 करोड़ रुपये रहा। कंपनी ने जुलाई-सितंबर में 308 नए स्टोर शुरू किए और उसके स्टोर की कुल संख्या 2,751 हो गई। उसने अगले साल मार्च तक 3,500 स्टोर पर पहुंचने की उम्मीद जताई है।
कंपनी के फूड डिलिवरी प्लेटफॉर्म जोमैटो का शुद्ध ऑर्डर मूल्य 11,445 करोड़ रुपये दर्ज किया गया जो सालाना आधार पर 21.5 प्रतिशत अधिक है।
इटरनल के संस्थापक दीपेंद्र गोयल ने उपभोक्ताओं पसंद तय करने में एआई एजेंट की भूमिका पर कहा कि आने वाले समय में वे ई-कॉमर्स के स्वाभाविक इंटरफेस होंगे। जो प्लेटफॉर्म इसे अपनाने में विफल होंगे वे समाप्त हो जाएंगे।
फूड डिलिवरी कारोबार के प्रदर्शन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्होंने कहा कि किसी एक तिमाही के आधार पर इसके प्रदर्शन का आंकलन करने की बजाय कंपनी दीर्घावधि में सालाना 20 प्रतिशत की वृद्धि की अपेक्षा कर रही है। पिछली दो तिमाहियों में यह उसी के आसपास आ गई है।
इस बीच, बीएसई में आज इटरनल का शेयर 8.70 रुपये (2.71 प्रतिशत) टूटकर 311.75 रुपये पर बंद हुआ।
