
लोक निर्माण विभाग मंत्री ने रेसीडेंसी कोठी में ली विभागीय समीक्षा बैठक में
नव भारत न्यूज
इंदौर. इंजीनियर साईट पर जाकर स्वयं निर्माण कार्य की मॉनीटरिंग करें. ठेकेदार अपने कार्य के प्रति पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता बरतें. आगामी सिंहस्थ को देखते हुए निर्माण कार्य तेजी से पूरा करें. जो अधिकारी या ठेकेदार निर्धारित समय पर गुणवत्तापूर्ण कार्य नहीं करेगा, उसके खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाएगी. साथ ही जो समय पर अच्छा कार्य करेगा ऐसे अधिकारियों को पुरस्कृत और सम्मानित भी किया जाएगा.
यह बात प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह ने आज रेसीडेंसी कोठी में इंदौर संभाग की विभागीय समीक्षा बैठक में कही. बैठक में इंदौर राजस्व संभाग के आठ जिलों में 20 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाले निर्माण कार्यों की समीक्षा की. बैठक में शहर के मूसाखेड़ी चौराहे, क्रिस्टल आईटी पार्क, सत्यसांई चौराहे, देवास नाका, बाणगंगा ओवर ब्रिज, महात्मा गांधी स्मृति चिकित्सा महाविद्यालय में अतिरिक्त 169 पी.जी.सीट हेतु उन्नयन कार्य, मानसिक अस्पताल के एक्सीलेंस भवन निर्माण, नवलखा चौराहे एलिवेटेड कॉरिडोर और सांवेर रोड़ पर नए रेलवे ओवर ब्रिज का निर्माण के साथ संभाग के जिलों में चल रहे विभिन्न कार्यों की जानकारी ली. अधिकारियों और एजेंसियों को गुणवत्ता के साथ समय पर काम पूरा करने के निर्देश दिए. बैठक में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, विधायक मधु वर्मा, महेन्द्र हार्डिया, उषा ठाकुर, रमेश मेंदोला, जिला अध्यक्ष श्रवण चावड़ा, नगर अध्यक्ष सुमित मिश्रा, लोक निर्माण विभाग के मुख्य अभियंता के.पी.एस. राणा, सड़क एवं पुल, शालीग्राम बघेल (भवन), अनिल श्रीवास्तव ,भवन विकास निगम मुख्य अभियंता सी.एस.खरत, आर.के. जैन सड़क विकास निगम, जी.पी. वर्मा, व्ही.पी. बौरासी, अविनाश शिवरिया कार्यपालक नियंत्रक, कार्यपालन यंत्री एस.एन.सोनी सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित थे.
इन बिंदुओं पर चर्चा और निर्णय
मंत्री राकेश सिंह ने विलंब से चल रहे निर्माण कार्यों पर नाराजगी जताई. साथ ही समय सीमा निर्धारित करने तथा टाइम एक्सटेंशन नियमों को सख्त बनाने के निर्देश दिए. सभी कामों को निर्धारित समय में पूर्ण करने के ठेकेदारों और अधिकारियों को निर्देश दिए.
बैठक के बाद ठेकेदारों से चर्चा
बैठक के बाद मंत्री राकेश सिंह ने ठेकेदारों के साथ अलग से चर्चा कर की. काम में देरी के कारण और समस्याओं की जानकारी ली. ठेकेदारों ने बताया कि वन अनुमति में देरी, लंबित भुगतान, एवं भवन निर्माण की ड्राइंग व डिजाइन समय पर न मिलने के कारण काम समय पर नही कर पा रहे है. मंत्री ने समस्याओं पर तत्काल समाधान के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित किया.
रेलवे ओवरब्रिज निर्माण में तेजी लाने के निर्देश
मंत्री तुलसीराम सिलावट ने इंदौर-उज्जैन रेल सेक्शन में सांवेर रोड मुख्य जिला मार्ग पर रेलवे ओवरब्रिज के धीमी गति से निर्माण पर नाराजगी व्यक्त की. ठेकेदार को कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए.
इंदौर-देपालपुर 4 लेन का प्रस्ताव
सांसद शंकर लालवानी ने इंदौर-देपालपुर रोड को 4 लेन में परिवर्तित करने की मांग रखी. साथ ही इंगोरिया-उज्जैन रोड को पीथमपुर से नागदा तक बढ़ाने का सुझाव भी दिया.
इंदौर-उज्जैन 6 लेन चौड़ीकरण
सांसद शंकर लालवानी ने इंदौर-उज्जैन मार्ग के 6 लेन चौड़ीकरण कार्य को दीपावली से पहले पूरा करने की आवश्यकता बताई. टोल प्लाजा पर लंबी कतारों की समस्या को देखते हुए टोल सेंसर कैमेरे सुधार की जरूरत निर्देश दिए.
शहर में फ्लाईओवर निर्माण पर चर्चा
देवास नाका चौराहे पर 6 लेन फ्लाईओवर के संबंध में लालवानी ने कहा कि रूक्र-2 रोड पर लैंडिंग सही ढंग से होना चाहिए. उक्त फ्लाई ओवर पर जंक्शन का प्रस्ताव दिया गया। किया जाए. मुसाखेड़ी चौराहे पर 6 लेन फ्लाईओवर के सर्विस रोड पर ट्रैफिक जाम को देखते हुए चौड़ा करने और गड्ढों को एक सप्ताह के अंदर गड्ढे भरने के निर्देश मंत्री ने दिए.
इंदौर-नेमावर 4 लेन रोड निर्माण की मांग
सांसद शंकर लालवानी और विधायक मधु वर्मा ने इंदौर-नेमावर मार्ग को 4 लेन बनाने की मांग कर बताया कि इस सड़क पर रोजाना 1000 से अधिक वाहन निकलते हैं. रोज दुर्घटनाएं हो रही हैं. उक्त सड़क की डीपीआर तैयार हो चुकी है, और टोल रोड बनाकर विकसित करने का सुझाव दिया गया.
