ट्रेन से कटने से भालू शावक की मौत 

सीधी। संजय टाइगर रिजर्व क्षेत्र में एक भालू के शावक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। यह घटना मंगलवार सुबह भदौरा-मड़वास रेलवे ट्रैक के बीच हुई। यह एक सप्ताह के भीतर वन्यजीवों के साथ हुई दूसरी ऐसी घटना है। दरअसल लगभग एक साल का यह शावक रेल पटरी पार कर रहा था, तभी कटनी-सिंगरौली रेल मार्ग से गुजर रही एक तेज रफ्तार ट्रेन ने उसे टक्कर मार दी। शावक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही संजय टाइगर रिजर्व की रेस्क्यू टीम घटनास्थल पर पहुंची और भालू के शव को अपने कब्जे में लिया। प्राथमिक जांच के बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। यह हादसा मड़वास बफर जोन क्षेत्र में हुआ है। वन विभाग के सूत्रों के मुताबिक यह एक सप्ताह के भीतर दूसरी घटना है। कुछ दिन पहले भी इसी क्षेत्र में एक वयस्क भालू की ट्रेन से कटकर मौत हो गई थी। इन लगातार हो रही घटनाओं ने वन्यजीवों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय पर्यावरण प्रेमियों और वन्यजीव संरक्षण कार्यकर्ताओं ने चिंता व्यक्त की है। उनका कहना है कि कटनी-सिंगरौली रेलवे लाइन का एक बड़ा हिस्सा संजय टाइगर रिजर्व के कोर और बफर जोन से होकर गुजरता है, जिससे जंगली जानवरों के जीवन पर लगातार खतरा बना हुआ है। उन्होंने इस क्षेत्र में वन्यजीवों की सुरक्षित आवाजाही के लिए अंडरपास या ओवरब्रिज जैसी संरचनाएं बनाने की मांग की है। इस संबंध में एसडीओ सुधीर गुप्ता ने बताया कि मृत भालू की सूचना मिलने पर हमारी टीम तत्काल मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Next Post

शहीदों की अमर स्मृति को समर्पित रही पुलिस स्मृति दिवस परेड

Tue Oct 21 , 2025
सीधी । पुलिस परेड ग्राउंड में पुलिस स्मृति दिवस पर भावपूर्ण एवं गरिमामय परेड का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम उन समस्त वीर शहीदों के प्रति राष्ट्र की श्रद्धांजलि के रूप में समर्पित रहा, जिन्होंने कर्तव्य पालन के दौरान अपने प्राण न्यौछावर कर अदम्य साहस व समर्पण का परिचय दिया।पुलिस […]

You May Like