
नयी दिल्ली,15 फरवरी (वार्ता) आम आदमी पार्टी (आप) के तीन पार्षद शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) में शामिल हो गये।
दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने पार्टी मुख्यालय 14 पंत मार्ग में आयोजित समारोह में एंड्रयूज गंज से पार्षद अनीता बसोया, आरके पुरम से पार्षद धर्मवीर और हरीनगर वार्ड नंबर 183 से पार्षद निखिल चपराना को पार्टी का पटका पहना कर पार्टी में शामिल किया। इसके अलवा ‘आप’ के कई अन्य नेता शामिल हुए, जिनमें संदीप बसोया प्रमुख हैं। ‘आप’ के नयी दिल्ली जिला के पूर्व अध्यक्ष श्री बसोया अपने समर्थकों के साथ भाजपा में शामिल हुए।
गौरतलब है कि अप्रैल में एमसीडी के महापौर पद का चुनाव होना है और भाजपा पूरजोर कोशिश कर रही है कि इस बार महापौर उसकी पार्टी का होगा। एमसीडी से महापौर का पिछला चुनाव नवंबर 2024 में हुआ था और उस समय ‘आप’ के महेश खिंची ने भाजपा के किशन लाल को तीन वोटों से हराया था। उस समय कुल 263 वोट डाले गए थे, जिनमें से श्री खिंची को 133, श्री लाल को 130 वोट मिले थे, जबकि दो वोट अवैध घोषित हुए थे।
उल्लेखनीय है कि एमसीडी कुल 250 पार्षद सीटें हैं। इनमें से 11 पार्षद सांसद और विधायक बन गए हैं। इस तरह अब पार्षदों की संख्या 239 बची है, जिनमें से 119 सत्तारूढ़ ‘आप’ के हैं। भाजपा के 113 पार्ष हैं, जबकि सात पार्षद कांग्रेस के हैं। अब ‘आप’ के इन तीन पार्षदों के निकल जाने के बाद उसके पार्षदों की कुल संख्या 116 रह गयी है। इस तरह से भाजपा और ‘आप’के पार्षदों के बीच का अंतर महज तीन रह गया है।
इस मौके पर श्री सचदेवा ने कहा,”मैं तहे दिल से हमारे परिवार का हिस्सा बनने वालों का स्वागत करता हूं और बधाई देता हूं। दिल्ली में डबल इंजन वाली सरकार की लगातार चर्चा होती रही, लेकिन अब लोग कहने लगे हैं कि हमें ट्रिपल इंजन वाली सरकार चाहिए, क्योंकि हम सभी को मिलकर एक सुंदर, विकसित दिल्ली बनाना है। एक ऐसी दिल्ली जिस पर सभी दिल्लीवासी गर्व कर सकें और जहां रहने का आनंद ले सकें।”
