
छतरपुर। नेपाल में लगातार चल रहे विरोध-प्रदर्शन और हिंसा का असर अब छतरपुर जिले तक पहुँचा है। जानकारी के अनुसार, छतरपुर नगर के चार परिवार नेपाल में फंसे हुए हैं। लगातार बिगड़ते हालात के बीच उनके परिजनों ने चिंता जताते हुए स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मदद की गुहार लगाई।
इस संबंध में परिजन छतरपुर विधायक ललिता यादव से मिले। विधायक ने 10 सितंबर की सुबह बताया कि पूरे मामले की जानकारी मुख्यमंत्री तक पहुँचा दी गई है और सरकार इस दिशा में गंभीरता से काम कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जल्द ही फंसे हुए परिवार सुरक्षित रूप से छतरपुर वापस लाए जाएंगे।
नेपाल में पिछले कुछ दिनों से राजनीतिक अस्थिरता और विरोध प्रदर्शनों के चलते कई जगहों पर हिंसक घटनाएँ सामने आ रही हैं। परिवहन और जनजीवन पर भी इसका गहरा असर पड़ा है। इन परिस्थितियों में छतरपुर के परिवारों के फँसे होने से स्थानीय स्तर पर चिंता बढ़ गई है।
विधायक ने कहा कि प्रशासन और राज्य सरकार लगातार स्थिति पर नजर बनाए हुए है और संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर लोगों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित की जाएगी।
